बिहार SIR मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट आज लेगा फैसला, राहुल गांधी बोले- ये लड़ाई ‘वन मैन, वन वोट’ की

Sandesh Wahak Digital Desk: सुप्रीम कोर्ट आज बिहार की मतदाता सूची में संशोधन से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई करने वाला है। इन याचिकाओं में मतदाता सूची से 65 लाख से ज़्यादा मतदाताओं के नाम हटाने पर सवाल उठाए गए हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, इन 65 लाख नामों में से 22 लाख मतदाताओं की मौत हो चुकी है, 36 लाख लोग स्थायी रूप से अपना पता बदल चुके हैं, और करीब 7 लाख लोगों के नाम एक से ज़्यादा जगह दर्ज हैं।

सुनवाई में क्या हो सकता है?

पिछली सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने सुझाव दिया था कि आधार, राशन कार्ड और वोटर आईडी जैसे दस्तावेज़ों को मतदाता की पहचान के लिए मान्य किया जा सकता है। हालाँकि, चुनाव आयोग ने इस पर जवाब देते हुए कहा था कि सिर्फ इन दस्तावेज़ों के आधार पर किसी का नाम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं किया जा सकता। आज की सुनवाई में इस मुद्दे पर और ज़्यादा चर्चा हो सकती है।

सियासी घमासान

इस मामले पर सियासत भी खूब गर्मा रही है। विपक्ष का आरोप है कि चुनाव आयोग बीजेपी के पक्ष में काम कर रहा है। वहीं, बीजेपी का कहना है कि विपक्ष चुनाव में हार के डर से ऐसे मनगढ़ंत आरोप लगा रहा है।

इस मुद्दे पर विपक्ष लगातार हंगामा कर रहा है। सोमवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष के सांसदों ने चुनाव आयोग तक मार्च करने की कोशिश की थी। उनकी मांग थी कि एक स्वच्छ और सही मतदाता सूची तैयार की जाए। राहुल गांधी ने इस लड़ाई को “राजनीतिक नहीं, बल्कि संविधान को बचाने की लड़ाई” बताया था।

चुनाव आयोग ने विपक्ष के 30 नेताओं को बातचीत के लिए बुलाया था, लेकिन विपक्ष के नेता 200 सांसदों के साथ आयोग जाना चाहते थे। पुलिस ने उन्हें मार्च करने से रोक दिया और हिरासत में ले लिया था।

 

Also Read: वाराणसी चुनाव पर नया विवाद: कांग्रेस नेता अजय राय बोले- PM मोदी की जीत वोट चोरी से हुई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.