राजस्थान में दर्दनाक सड़क हादसा, 11 श्रद्धालुओं की मौत, 20 से ज्यादा घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में 11 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। मृतकों में 4 बच्चे और 7 महिलाएं शामिल हैं। हादसा सालासर बालाजी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप वैन और एक कंटेनर के बीच टक्कर से हुआ। सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के एटा जिले के असरौला क्षेत्र के रहने वाले थे।
मृतकों में 4 बच्चे और 7 महिलाएं शामिल
सूत्रों के अनुसार, हादसा रात करीब साढ़े 3 से 4 बजे के बीच वापी थाना क्षेत्र में हुआ। श्रद्धालु खाटूश्यामजी और सालासर बालाजी के दर्शन करने के बाद पिकअप वैन से घर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी वैन तेज रफ्तार कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक और ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों में 4 बच्चे और 7 महिलाएं शामिल हैं।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे में घायल हुए सभी लोगों को पहले दौसा के अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मरीजों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया। जिला प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
चालक की तलाश की जा रही
दौसा के कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक और घायल सभी श्रद्धालु दर्शन करके उत्तर प्रदेश लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है।
दुर्घटनाओं से बचा जा सके
इस दर्दनाक हादसे ने मृतकों के परिजनों को गहरे शोक में डाल दिया है। स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद और घायलों के बेहतर इलाज का आश्वासन दिया है। वहीं, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लंबी दूरी के सफर में यातायात नियमों का पालन करें और वाहन की रफ्तार नियंत्रित रखें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
Also Read: ओडिशा सरकार का बड़ा फैसला, सरकारी दस्तावेजों में हरिजन शब्द पर लगा प्रतिबंध

