मुजफ्फरपुर की मेयर निर्मला देवी को चुनाव आयोग का नोटिस, दो वोटर कार्ड रखने का है मामला
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक और नया मामला सामने आया है। मुजफ्फरपुर नगर निगम की मेयर निर्मला देवी को चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया है। यह नोटिस उनके पास कथित तौर पर दो-दो वोटर आईडी कार्ड होने के मामले में भेजा गया है। मेयर को अपना पक्ष रखने के लिए 16 अगस्त तक का समय दिया गया है।
तेजस्वी यादव ने उठाया था मुद्दा
यह नोटिस तब जारी हुआ, जब आज ही बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इस मुद्दे को उठाया था। उन्होंने मेयर निर्मला देवी के दो अलग-अलग वोटर कार्ड नंबर (REM1251917 और GSB1835164) दिखाए थे। तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया था कि सिर्फ मेयर ही नहीं, बल्कि उनके दो देवरों के पास भी दो-दो वोटर आईडी कार्ड हैं।
नोटिस में क्या कहा गया है
चुनाव आयोग की ओर से जारी नोटिस में लिखा है कि यह पाया गया है कि आपका नाम विशेष गहन पुनरीक्षण, 2025 के दौरान प्रकाशित मतदाता सूची में दो अलग-अलग जगहों पर अंकित है। आयोग ने मेयर से 16 अगस्त की शाम 5 बजे तक इस संबंध में अपना पक्ष रखने को कहा है, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।
Also Read: Lucknow News: अलीगंज CHC में मचा बवाल, नर्स के बेटे ने सीनियर डॉक्टर को जड़े थप्पड़

