UP: कृषि मंत्री बोले- खाद की किल्लत नहीं होने देंगे, जमाखोरों पर कड़ी कार्रवाई जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में खाद की उपलब्धता को लेकर उठ रही चिंताओं पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बुधवार को प्रेसवार्ता की। उन्होंने साफ कहा कि प्रदेश में किसानों को खाद की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। सरकार लगातार उपलब्धता पर नजर रख रही है और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

कृषि मंत्री ने बताया कि श्रावस्ती जिले में यूरिया की बिक्री में लापरवाही सामने आने पर जिला कृषि अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा, महराजगंज और सिद्धार्थनगर में कई लोग जमाखोरी करते पाए गए हैं। जांच में सामने आया कि कुछ लोग 40-50 बोरी खाद खरीद रहे थे, जबकि उनके पास खेती के लिए कोई जमीन ही नहीं है। ऐसे मामलों में जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, खाद बेचने वाले लाइसेंसधारियों को भी नोटिस थमाया गया है।

सीमावर्ती जिलों पर निगरानी बढ़ाई गई

शाही ने कहा कि कुशीनगर और देवरिया में भी जांच की गई थी, जहां संदिग्ध जमाखोरी के मामले मिले हैं। सरकार ने सीमावर्ती जिलों में खाद की तस्करी और कालाबाजारी रोकने के लिए निगरानी और कड़ी कर दी है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आरोपों पर जवाब देते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि सपा सरकार के समय किसानों की हालत खराब थी।

उनकी गलत नीतियों के चलते योगी सरकार को किसानों का बकाया चुकाना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश में किसान आत्महत्या नहीं कर रहे हैं और उनकी आमदनी लगातार बढ़ रही है। कृषि मंत्री ने यह भी कहा कि 2016-17 की तुलना में इस साल किसानों को दोगुना खाद उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों को खाद के लिए लाइन में खड़ा नहीं होना पड़ेगा और न ही लाठीचार्ज जैसी स्थिति बनेगी।

सख्त चेतावनी

सरकार ने साफ कर दिया है कि जमाखोरी, मुनाफाखोरी और माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। किसानों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए शासन स्तर से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। कृषि मंत्री के अनुसार, यूपी सरकार का लक्ष्य है कि हर किसान को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद मिले और खेती पर किसी तरह का संकट न आए।

Also Read: श्रावस्ती में चला बुलडोजर, PWD की जमीन से हटाए गए 20 से ज्यादा अवैध कब्जे, करोड़ों की संपत्ति जमींदोज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.