श्रावस्ती में मानव तस्करी का खुलासा, नाबालिग को 70 हजार में बेचने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: श्रावस्ती जिले में मानव तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को 70,000 रुपये में बेचने की कोशिश कर रहे पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया ने इस मामले का तुरंत संज्ञान लिया और आरोपियों की गिरफ्तारी का आदेश दिया।
क्या है पूरा मामला?
सिद्धार्थनगर जिले की रहने वाली एक नाबालिग लड़की ने भिनगा कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि कुछ आरोपियों ने उसे 70,000 रुपये में बेचने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी देकर भिनगा कोतवाली के हरिहरपुर रानी गांव में एक घर में बंद कर रखा था। वह किसी तरह वहाँ से भागकर पुलिस थाने पहुँची।
जैसे ही यह मामला पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया तक पहुँचा, उन्होंने फौरन कार्रवाई के निर्देश दिए। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सरोज ने टीम के साथ मिलकर बहराइच-भिनगा मार्ग पर भकला पुल के पास से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान ओंकारनाथ, आशाराम उर्फ रवि, केवलराम उर्फ केवल प्रसाद, फेरई और झलूसे के रूप में हुई है। ये सभी श्रावस्ती और सिद्धार्थनगर के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: माता प्रसाद वर्मा
Also Read: Gonda News: मुख्यमंत्री से लगाई गई इंसाफ की गुहार पर भारी पड़ रहा थानाध्यक्ष का रसूख!

