Ayodhya News: दीपोत्सव-2025 की तैयारियां शुरू, इस बार होगा पहले से भी भव्य आयोजन
Ayodhya News: कार्तिक पूर्णिमा मेले और दीपोत्सव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अवध विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, अयोध्या विकास प्राधिकरण, नगर निगम और अयोध्या तीर्थ विकास परिषद के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
भव्य आयोजन किया जाएगा
जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष का दीपोत्सव पिछले वर्षों की तुलना में और भी भव्य होगा। कार्यक्रम की आकर्षण क्षमता को देश और दुनिया तक ले जाने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि राम की पैड़ी दीपोत्सव का मुख्य स्थल होगा, जहां हर साल की तरह लेजर शो, ड्रोन शो और दीप प्रज्वलन का भव्य आयोजन किया जाएगा। बैठक में अवध विश्वविद्यालय के साथ समन्वय बनाकर यह तय किया जा रहा है कि राम की पैड़ी पर कहां-कहां दीप जलेंगे और दीपों की मैपिंग कैसे की जाएगी। पिछले साल 25 लाख दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया था। इस बार कितने दीप प्रज्वलित किए जाएंगे, इसका फैसला अगले एक हफ्ते में किया जाएगा।

सह-नोडल अधिकारियों की नियुक्ति तेज
पिछले वर्ष अराजक तत्वों द्वारा दीपों का तेल निकालने की घटनाएं सामने आई थीं। इस बार ऐसी गड़बड़ियों को रोकने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जा रही है। दीपोत्सव से जुड़ी जिम्मेदारियां विभागवार बांट दी गई हैं। जिलाधिकारी स्तर से नोडल और सह-नोडल अधिकारियों की नियुक्ति अगले कुछ दिनों में कर दी जाएगी। शासन स्तर पर भी पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के अधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। दीपों की संख्या तय होते ही दीप निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
Also Read: 2027 चुनाव की तैयारी में जुटीं मायावती, क्या मिशन ‘9 अक्टूबर’ से वापस मिलेगी BSP की खोई ताकत?

