Bareilly News: पुलिस ने धर्मांतरण रैकेट का किया भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली पुलिस ने धर्मांतरण के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक युवक को मदरसे में बंधक बनाकर रखा हुआ पाया, जिसका धर्म परिवर्तन कर निकाह कराने की तैयारी चल रही थी। पुलिस ने युवक को सकुशल छुड़ाकर उसके परिवार को सौंप दिया है।

अलीगढ़ की रहने वाली एक महिला ने बरेली के भुता थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि उनके बेटे प्रभात उपाध्याय को अब्दुल मजीद और उसके साथियों ने शादी का लालच देकर बहकाया। वे उसे मदरसे में ले गए और जबरन उसका धर्म परिवर्तन करा रहे थे। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। जांच के दौरान, एक और आरोपी मोहम्मद फईम का नाम सामने आया।
पुलिस ने ऐसे किया खुलासा
मिली सूचना के आधार पर प्रभात को फैजनगर गांव के एक मदरसे में बंधक बनाकर रखा गया है। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि चार लोग एक व्यक्ति को घेरे बैठे हैं। जब पुलिस ने आवाज दी, तो बंधक व्यक्ति ने अपना नाम ‘हामिद’ बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना असली नाम प्रभात उपाध्याय बताया। पुलिस ने प्रभात को हिरासत में लिया और उसे घेरकर बैठे चारों आरोपियों अब्दुल मजीद, सलमान, मोहम्मद आरिफ और मोहम्मद फईम को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक और आरोपी महमूद बेग मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों और मदरसे से मिला आपत्तिजनक सामान
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों और मदरसे से कई आपत्तिजनक चीजें बरामद की हैं, जो धर्मांतरण की कोशिश की ओर इशारा करती हैं। इनमें इस्लाम धर्म की कई किताबें, जाकिर नाइक की धार्मिक सीडी, धार्मिक लाकेट, तावीज और मुस्लिम टोपियाँ शामिल हैं। इसके अलावा, मदरसे से मोहर लगे हुए ब्लैंक कन्वर्जन सर्टिफिकेट और एक शपथ पत्र भी मिला है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ ‘उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021’ के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभात उपाध्याय के परिवार को सूचित कर उसे सकुशल उनके हवाले किया जा रहा है।
Also Read: Siddharthnagar News: किसानों को खाद खरीदने से पहले करना होगा यह काम, जानें क्या है नया नियम?

