Amethi News: वेल्डिंग के दौरान केमिकल फैक्ट्री में धमाका, चार मजदूर झुलसे, तीन की हालत नाजुक

Amethi News: कमरौली औद्योगिक क्षेत्र की एक केमिकल फैक्ट्री में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। रोड नंबर चार स्थित जय माता वैष्णव देवी (जेएमवीडी) इंडस्ट्रीज में टैंक पर वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हो गया। ब्लास्ट इतना तेज था कि पूरा परिसर दहल उठा और वहां अफरा-तफरी मच गई। हादसे में चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से तीन की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया, जबकि एक का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।

कौन-कौन झुलसे?

धमाके में झुलसे मजदूरों की पहचान जयप्रकाश (50) निवासी ब्यौरेमऊ शुक्ल बाजार, अशोक (48) और रामअवध (52) निवासी ढूंढेहरी, तथा संतोष (50) निवासी रोड नंबर चार के रूप में हुई है। सहकर्मियों ने तुरंत सभी को ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर पहुंचाया, जहां से तीन को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया। जानकारी के मुताबिक, वेल्डिंग के दौरान टैंक में अचानक प्रेशर बढ़ गया। इससे केमिकल चटक गया और गर्म पदार्थ बाहर निकल आया, जिसकी चपेट में चारों मजदूर आ गए। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने फौरन बिजली सप्लाई काटी और बालू डालकर आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

लापरवाही से हुआ हादसा?

हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में भगदड़ मच गई। कई मजदूर जान बचाकर बाहर भागे और परिजनों को सूचना दी। श्रमिकों का कहना है कि टैंक पर कई दिनों से वेल्डिंग का काम चल रहा था, मगर सुरक्षा इंतजाम नाकाफी थे। यही वजह रही कि इतनी बड़ी दुर्घटना हो गई। ट्रॉमा सेंटर के आपातकालीन चिकित्सक डॉ. केडी शर्मा ने बताया कि तीन श्रमिकों की स्थिति बेहद गंभीर है। उधर, पुलिस और अग्निशमन विभाग ने घटना की प्रारंभिक जानकारी से अनभिज्ञता जताई, जबकि फैक्ट्री के एक कर्मचारी ने माना कि हादसा प्रेशर ब्लास्ट के कारण हुआ।

Also Read: ‘सॉरी मम्मी, मैं वैसी बेटी नहीं…’ लखनऊ में चलती ट्रेन के आगे कूदी युवती, सुसाइड नोट बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.