Health Tips: शरीर के दर्द को न करें नजरअंदाज, गंभीर बीमारी का हो सकता है संकेत
Health Tips: आजकल की तेज़-रफ़्तार ज़िंदगी में लोग काम और तनाव में इतना उलझ जाते हैं कि अक्सर शरीर के संकेतों को नज़रअंदाज़ कर देते हैं। अगर आपके शरीर में हल्का दर्द या थकावट महसूस हो, तो इसे केवल कमजोरी न मानें। यह कोई आम दर्द नहीं होता, बल्कि एक संकेत होता है कि आपके शरीर में कुछ कमी है या कोई बीमारी शुरू हो रही है। आइए जानते हैं कि शरीर का दर्द हमें क्या बताने की कोशिश करता है और हम इसे कैसे पहचान सकते हैं।
1. सीढ़ियाँ चढ़ते समय पैरों में दर्द
अगर आपको सीढ़ियाँ चढ़ते हुए पैरों में दर्द, थकावट या कमज़ोरी महसूस होती है, तो यह सिर्फ़ कमज़ोरी नहीं है, बल्कि यह विटामिन डी की कमी का संकेत हो सकता है। यह विटामिन हड्डियों और मांसपेशियों के लिए बहुत ज़रूरी है। इसकी कमी से हड्डियां कमज़ोर हो सकती हैं।
क्या करें: रोज़ाना कुछ देर धूप में बैठें। इसके अलावा, दूध, अंडे और मशरूम जैसी चीज़ें खाएं।
2. सीढ़ियाँ उतरते समय घुटनों में चुभन
अगर आपको सीढ़ियाँ उतरते समय घुटनों में चुभन या तेज़ दर्द महसूस होता है, तो यह इस बात का इशारा हो सकता है कि आपके जोड़ों की कार्टिलेज घिसने लगी है। जब यह परत कम हो जाती है, तो हड्डियां आपस में टकराती हैं, जिससे दर्द होता है। यह आगे चलकर गठिया जैसी गंभीर बीमारी बन सकती है।
क्या करें: आयुर्वेद के अनुसार, मेथी दानों का पेस्ट घुटनों पर लगाने से आराम मिल सकता है। साथ ही, रोज़ाना हल्का व्यायाम ज़रूर करें।

3. थोड़ी देर खड़े रहने पर जोड़ों में दर्द या अकड़न
अगर आप थोड़ी देर खड़े रहते हैं और आपके जोड़ों में दर्द या अकड़न महसूस होती है, तो यह ऑस्टियोआर्थराइटिस या आर्थराइटिस की शुरुआत हो सकती है। यह मामूली थकावट नहीं, बल्कि इन्फ्लेमेशन यानी सूजन का लक्षण है।
क्या करें: इस समस्या से बचने के लिए हल्दी और काली मिर्च वाला दूध पीना फ़ायदेमंद हो सकता है, क्योंकि हल्दी में सूजन कम करने के गुण होते हैं।
4. ज्यादा देर बैठने के बाद उठने में दर्द
अगर आप लंबे समय तक बैठे रहने के बाद उठते हैं और जोड़ों में तेज़ दर्द महसूस होता है, तो कई लोग इसे बढ़ती उम्र का लक्षण मानकर नज़रअंदाज़ कर देते हैं, लेकिन यह गठिया का लक्षण हो सकता है।
क्या करें: अपने शरीर को सक्रिय रखें। रोज़ाना कुछ देर टहलें और हल्की-फुल्की एक्सरसाइज करें ताकि आपके शरीर का लचीलापन बना रहे।
Also Read: Kanpur News: नगर आयुक्त ने किया विभिन्न जोनों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

