Varanasi News: खेत में सो रहे युवक की धारदार हथियार से हत्या, इलाके में सनसनी
Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंहवारपुर गांव में बुधवार देर रात एक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय अनिल कुमार के रूप में हुई है, जो अपने खेत में बनी झोपड़ी में सो रहा था। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
खेत में मिला खून से लथपथ शव
मिली जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार बुधवार रात भोजन करने के बाद खेत में सोने चला गया था। देर रात लगभग 12 बजे, जब उसके पिता छोटेलाल खेत की ओर गए, तो उन्होंने देखा कि उनका बेटा खून से लथपथ चारपाई पर मृत पड़ा था।

बेटे की हालत देख पिता सदमे में आ गए और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। उनकी चीख पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही चिरईगांव चौकी प्रभारी रोहित सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
चौबेपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
शादी के कुछ महीने बाद ही उजड़ गया घर
मृतक के पिता छोटेलाल ने बताया कि अनिल का विवाह इसी वर्ष 28 मई को मेऊड़ी गांव (सन्दहा) की एक युवती से हुआ था।
अनिल दो भाइयों में छोटा था और परिवार में सभी उससे बहुत स्नेह करते थे। शादी के महज तीन महीने बाद इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
गांव में फैली दहशत
घटना के बाद से सिंहवार गांव में डर और सनसनी का माहौल है। ग्रामीणों ने हत्या को पूर्व नियोजित साजिश बताया है और पुलिस से जल्द खुलासा करने की मांग की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्यारों की तलाश जारी है।
रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक
Also Read: साइबर फ्रॉड का बड़ा खुलासा: IRDAI और RBI के अधिकारी बनकर ठगी करने वाले 2 लोग गिरफ्तार

