रामबन में बादल फटने से 4 लोगों की मौत, कई लापता

Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने कहर बरपा रखा है। शुक्रवार को रामबन जिले में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ ने चार लोगों की जान ले ली और कम से कम चार अन्य लापता हो गए। यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर राजगढ़ इलाके में हुई।

अधिकारियों ने बताया कि राजगढ़ के ऊपरी इलाकों में भारी बारिश के कारण बादल फटा, जिससे अचानक आई बाढ़ में कई घर बह गए और कई अन्य क्षतिग्रस्त हो गए। बचाव दल को अब तक दो महिलाओं सहित तीन शव मिले हैं।

इस बीच, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पिछले पांच दिनों से बंद है, जिससे 2,000 से अधिक वाहन फंसे हुए हैं। इसके अलावा, जम्मू क्षेत्र की नौ और अंतर-जिला सड़कें भी भूस्खलन के कारण बंद हैं। लगातार बारिश से जम्मू, सांबा, कठुआ और उधमपुर के दर्जनों गांव भी संपर्क से कट गए हैं।

वैष्णो देवी में भी हुआ था हादसा

इससे पहले, इसी हफ्ते कटरा में वैष्णो देवी मंदिर के पास हुए भूस्खलन में 31 लोगों की मौत हो गई थी और कई लापता हो गए थे। इस हादसे के बाद से माता वैष्णो देवी की यात्रा भी रोक दी गई है। मौसम विभाग ने रामबन, पुंछ, रियासी, राजौरी, किश्तवाड़ और उधमपुर में भारी बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। शनिवार और रविवार के लिए तो यहां ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है, जो बेहद भारी बारिश का संकेत है।

Also Read: राहुल गांधी की नागरिकता पर सवाल उठाने वाले शख्स को Y+ सुरक्षा, हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को दिया आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.