तकनीकी खराबी के चलते दिल्ली लौटा इंदौर जा रहा एयर इंडिया का विमान

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली से इंदौर जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान में उस समय बड़ा हादसा होते-होते बचा, जब उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान के इंजन में खराबी आ गई। पायलट को बीच हवा में ही इंजन से फायर अलर्ट मिलने के बाद विमान को वापस दिल्ली उतारा गया।

एयर इंडिया के मुताबिक, उड़ान संख्या AI2913, जो एक A320 नियो विमान था, सुबह करीब 6:15 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से वापस लौट आया। विमान में 90 से ज़्यादा यात्री सवार थे।

एयर इंडिया ने एक बयान में बताया कि विमान के उड़ान भरने के फौरन बाद कॉकपिट क्रू को दाहिने इंजन में आग लगने का संकेत मिला। पायलटों ने फौरन सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए प्रभावित इंजन को बंद कर दिया और विमान को वापस दिल्ली ले आए।

एयरलाइन ने पुष्टि की है कि सभी यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह से सुरक्षित हैं। विमान को फिलहाल जांच के लिए रोक दिया गया है। यात्रियों को इंदौर पहुँचाने के लिए एक दूसरे विमान का इंतजाम किया गया है, जो जल्द ही उड़ान भरेगा।

एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि इस घटना की जानकारी नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) को दे दी गई है। उन्होंने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया और यह भी दोहराया कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

Also Read: Jaunpur News: सेल्फी लेने के चक्कर में गोमती नदी में डूबा युवक, हुई मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.