वरिष्ठ IAS अधिकारी पर महिला उत्पीड़न के गंभीर आरोप, मुख्यमंत्री की सख्ती के बीच उठा मामला
Lucknow News: एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महिला सुरक्षा को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे और एंटी-रोमियो स्क्वॉड को और सक्रिय करने पर जोर दे रहे थे, वहीं दूसरी तरफ उनकी ही सरकार के एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पर महिलाओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
1991 बैच के आईएएस और अपर मुख्य सचिव बीएल मीणा पर उनके विभाग, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण तथा रेशम विभाग की कई महिला अधिकारियों और संविदा कर्मचारियों ने उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और पद के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने इन मामलों की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), यूपी सरकार के जनसुनवाई पोर्टल और IGRS के माध्यम से दर्ज कराई है।

हाथ पकड़ने और धमकी देने का आरोप
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि बीएल मीणा विभाग में काम करने वाली युवा महिलाओं से हाथ पकड़ने और अनुचित आदेश मानने के लिए मजबूर करते थे। इनकार करने पर उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती थी। एक महिला अधिकारी ने तो तत्कालीन मुख्य सचिव को लिखित शिकायत भी दी थी, जिसके बाद उन्हें मजबूर होकर अपना ट्रांसफर कराना पड़ा था।
इसके अलावा, शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि अधिकारी ने निदेशालय में एक अलग कमरा बनवाया है, जहाँ छुट्टी के दिन बाहरी महिलाओं को बुलाया जाता है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इसके सबूत विभागीय सीसीटीवी फुटेज में मौजूद हैं।

शिकायत के बाद बदले गए अधिकारी
इस मामले की शिकायतें सामने आने के बाद, अपर मुख्य सचिव ने विभाग के डायरेक्टर को पद से हटाने का आदेश जारी किया, लेकिन बाद में उस आदेश को वापस ले लिया गया। आरोप है कि इसके बाद डायरेक्टर से एक पत्र लिखवाया गया, जिसमें यह कहा गया था कि विभाग में महिलाओं का किसी भी प्रकार का उत्पीड़न नहीं हो रहा है, और इस पत्र पर सभी महिला कर्मचारियों से जबरन हस्ताक्षर भी करवाए गए।
जब इस बारे में विभाग के मंत्री राकेश सचान से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है और उन्हें मीडिया के माध्यम से ही यह पता चला है। यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब सरकार महिला सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रही है। अब यह देखना होगा कि सरकार अपने ही एक वरिष्ठ अधिकारी पर लगे इन गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जाँच कराती है या नहीं।
Also Read: Varanasi News: पुलिस ने सुलझाई नाबालिग के अपहरण की गुत्थी, आरोपी गिरफ्तार, लड़की सकुशल बरामद

