Varanasi News: शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गाकुंड में आधुनिक चिकित्सा सेवाओं से सुधर रही मरीजों की सेहत
Varanasi News: स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के सहयोग से शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुर्गाकुंड को अत्याधुनिक चिकित्सकीय उपकरणों से सुसज्जित किया गया है। इसका लाभ अब जिले के मरीजों को मिल रहा है। इस जानकारी की पुष्टि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने की।
आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित केंद्र
डॉ. संदीप चौधरी के अनुसार, स्वास्थ्य केंद्र में अब सी-आर्म, डिजिटल एक्स-रे, ईसीजी, अल्ट्रासाउंड मशीन, डायलिसिस यूनिट, सेलेक्ट्रा फुल्ली और सेमी बायों केमेस्ट्री, सीबीसी एनलाइजर जैसी आधुनिक जांच उपकरण उपलब्ध हैं। इसके अलावा आंख और दांत के उपचार के लिए भी नवीन उपकरण लगाए गए हैं।
चिकित्सालय में जनरल सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, निश्चेतक, दंत रोग विशेषज्ञ जैसी विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है, जो आने वाले मरीजों का उपचार कर रहे हैं।

24 घंटे आकस्मिक और निःशुल्क सेवाएं
चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. सोनल त्रिपाठी ने बताया कि सीएचसी पर ओपीडी और आईपीडी की सुविधा के साथ-साथ 24 घंटे आकस्मिक सेवाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत लाभार्थियों को निःशुल्क इलाज दिया जा रहा है।
चिकित्सालय में 63 प्रकार की लैब जांचें आधुनिक मशीनों की सहायता से उपलब्ध हैं। इसके अलावा जिला चिकित्सालय स्तर की 20 प्रमुख जांचें हब एण्ड स्पोक मेथड के माध्यम से मरीजों को प्रदान की जा रही हैं। चिकित्सालय में 6 बेड का डायलिसिस यूनिट हंस फाउंडेशन के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। जनवरी से अब तक 980 से अधिक डायलिसिस सत्र सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं।

अन्य सुविधाएं
आस्थि रोग और आर्थोपेडिक सर्जरी के लिए डॉ. प्रवीण कुमार द्वारा उच्चस्तरीय सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। सी-आर्म मशीन के माध्यम से आपरेशन किए जा रहे हैं ताकि मरीज जल्दी से जल्दी अपने दैनिक कार्यों में वापस लौट सकें।
सीएचसी पर जनरल ऑपरेशन, सामान्य प्रसव, ऑपरेशन से प्रसव, प्रसव पूर्व और पश्चात जांच, गैर संचारी रोग क्लिनिक, टीकाकरण, फिजियोथेरेपी, आंख और दंत रोग सेवाएं सहित अन्य चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गाकुंड अब जिले में मरीजों के लिए एक भरोसेमंद और आधुनिक चिकित्सा केंद्र बनकर उभरा है, जो समय पर इलाज के साथ-साथ मरीजों का समय और पैसा दोनों बचा रहा है।
रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक
Also Read: Varanasi News: वार्ड प्रवास के दौरान स्वच्छता अभियान और मरम्मत कार्यों में तेजी

