Lucknow News: नगर निगम की बैठक में हंगामा, बजट और सफाई कर्मियों के मुद्दे पर गरमाई बहस
Lucknow News: लखनऊ नगर निगम की मंगलवार को हुई सदन बैठक की शुरुआत ही हंगामे के साथ हुई। जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई, पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में मार्ग निर्माण के लिए बजट आवंटन की मांग उठाई। सभी पार्षदों ने एक स्वर में कहा कि 110 वार्डों को 40-40 लाख रुपये का बजट दिया जाए, ताकि सड़क और अन्य विकास कार्य पूरे हो सकें।
माहौल तनावपूर्ण
बैठक के दौरान सफाई कर्मचारियों को मिलने वाले वेतन में असमानता का मुद्दा भी गरमा गया। पार्षदों का कहना था कि एक ही काम करने के बावजूद कई कर्मचारियों को अलग-अलग वेतन मिल रहा है, जिससे असंतोष बढ़ रहा है। इस पर सदन में जमकर बहस हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

चुनिंदा वार्डों को ही प्राथमिकता
इसी बीच भाजपा से इस्तीफा दे चुके पार्षद मुकेश सिंह मोंटी ने बड़ा आरोप लगाते हुए बैठक बीच में ही छोड़ दी। उन्होंने नगर निगम प्रशासन पर भेदभाव और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। मोंटी ने कहा कि जनता के मुद्दों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा और चुनिंदा वार्डों को ही प्राथमिकता दी जा रही है।
हालांकि, नगर निगम प्रशासन का कहना है कि सभी मांगों और मुद्दों पर विचार किया जाएगा और जल्द ही समाधान निकाला जाएगा। हंगामे के बावजूद बैठक की कार्यवाही आगे बढ़ी।

