Lucknow News: लिफ्ट देने के बहाने युवक से लूट, 8 मिनट में खाते से उड़ाए 98 हजार रुपए
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। चारबाग इलाके में बदमाशों ने मददगार बनने का नाटक कर एक युवक को कार में बैठाया और फिर मोबाइल छीनकर उसके बैंक खाते से 98 हजार रुपए उड़ा दिए। महज आठ मिनट में हुई इस डिजिटल लूट से पुलिस भी सकते में है। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दादी से मिलने आया था बाराबंकी का युवक
बाराबंकी निवासी रोहित कुमार अपनी दादी से मिलने लखनऊ आए थे। देर रात चारबाग रेलवे स्टेशन पर वह वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी एक अज्ञात कार सवार ने उन्हें मदद के बहाने अपनी गाड़ी में बैठा लिया और कहा कि वह उन्हें पॉलिटेक्निक चौराहे तक छोड़ देगा। भरोसा कर रोहित कार में बैठ गए।
लेकिन कुछ देर बाद आरोपी ने रास्ता बदल लिया और मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पास गाड़ी रोक दी। यहीं पर उसने रोहित का मोबाइल फोन छीन लिया।
आठ मिनट में उड़ा दी रकम
पीड़ित के मुताबिक, मोबाइल छीनने के बाद आरोपी ने सुबह करीब सवा बजे से अगले 8 मिनट में ही उसके बैंक खाते से 98 हजार रुपए अलग-अलग ट्रांजैक्शन में ट्रांसफर कर दिए। अचानक हुई इस वारदात से रोहित हैरान रह गए और तुरंत थाने पहुंचे।
रोहित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि कार सवार आरोपी की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल ट्रांजैक्शन की लोकेशन खंगाली जा रही है। साइबर क्राइम टीम भी जांच में जुटी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
Also Read: यूपी STF ने पकड़ा बड़ा ड्रग रैकेट, ओडिशा से लाई गई 271 किलो गांजा जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

