अभिषेक बच्चन ने डीपफेक और फर्जी कंटेंट पर किया केस, अपनी छवि के बचाव में पहुंचे दिल्ली हाई कोर्ट
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन के बाद अब उनके पति और अभिनेता अभिषेक बच्चन ने भी अपनी पहचान, नाम और छवि के दुरुपयोग के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है। अभिषेक ने याचिका दायर कर वेबसाइटों, यूट्यूब चैनलों और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर उनकी तस्वीर, आवाज और नाम के अनधिकृत उपयोग पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है।
अभिषेक बच्चन ने कोर्ट में बताया कि उनकी आवाज और छवि का इस्तेमाल बिना उनकी अनुमति के व्यावसायिक और व्यक्तिगत फायदे के लिए किया जा रहा है। उन्होंने खास तौर पर AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और डीपफेक तकनीक के बढ़ते चलन पर चिंता जताई, जिनका इस्तेमाल करके फर्जी वीडियो बनाए जा रहे हैं।
याचिका में कहा गया है कि कुछ वीडियो को इस तरह से एडिट किया गया है कि वे आपत्तिजनक या विवादास्पद दिखें, जिससे उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान हो रहा है। अभिषेक ने इन सभी हरकतों को अपने ‘व्यक्तित्व अधिकारों’ (Personality Rights) का उल्लंघन बताया है। ये अधिकार किसी भी व्यक्ति को यह तय करने का हक देते हैं कि उसके नाम, चेहरे, आवाज या किसी भी निजी पहचान का इस्तेमाल कैसे किया जाए।

ऐश्वर्या राय भी कर चुकी हैं शिकायत
गौरतलब है कि अभिषेक से पहले उनकी पत्नी ऐश्वर्या राय बच्चन ने भी इसी तरह की याचिका दायर की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके चेहरे को विवादास्पद वीडियो में जोड़कर सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा है। फिल्मी हस्तियों के साथ हो रही इस तरह की घटनाएं न सिर्फ उनकी निजी जिंदगी के लिए खतरा हैं, बल्कि डिजिटल दुनिया में निजता और सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
Also Read: Lucknow News: लिफ्ट देने के बहाने युवक से लूट, 8 मिनट में खाते से उड़ाए 98 हजार रुपए

