Lucknow News: 19 साल पुरानी डकैती-हत्या केस की डायरी गायब, पेंशन के लिए भटक रहे अफसर

Sandesh Wahak Digital Desk: मड़ियांव थाने से 19 साल पुराने एक सनसनीखेज मामले की केस डायरी गायब होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। यह मामला वर्ष 2006 में दर्ज डकैती और हत्या के प्रयास से जुड़ा है, जिसमें तत्कालीन पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा कायम किया गया था।

दो दीवान के खिलाफ मड़ियांव थाने में डकैती

जानकारी के मुताबिक, 16 जून 2006 को बिट्टा देवी नाम की महिला ने तत्कालीन सीओ अलीगंज हबीबुल हसन, इंस्पेक्टर एसपी सिंह, एसआई डीएन सिंह, ब्रजभूषण दूबे, सुरेश कुमार सिंह, थाने के ड्राइवर और दो दीवान के खिलाफ मड़ियांव थाने में डकैती, हत्या के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराई थी। लंबी जांच के बाद 30 जून 2015 को पुलिस ने इस केस में फाइनल रिपोर्ट तैयार की थी।

फाइनल रिपोर्ट और केस डायरी को कोर्ट में दाखिल करने के लिए 12 जुलाई 2018 को सीओ अलीगंज कार्यालय से डाक रनर हेड कांस्टेबल सूर्यभान सिंह को सौंपा गया। उन्होंने जीडी में इसका जिक्र किया और दस्तावेज हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह को उपलब्ध कराए। राजेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने यह फाइनल रिपोर्ट और केस डायरी थाने के तत्कालीन कांस्टेबल प्रदीप मिश्रा को कोर्ट में दाखिल करने के लिए सौंपी थी।

केस डायरी की जानकारी मांगी

लेकिन जांच में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि प्रदीप मिश्रा ने फाइनल रिपोर्ट और केस डायरी कोर्ट में दाखिल नहीं की और इसकी सुपुर्दगी का जिक्र थाने की जीडी में भी दर्ज नहीं था।

मामले ने नया मोड़ तब लिया जब साल 2023 में ईओडब्ल्यू से रिटायर हुए तत्कालीन सीओ हबीबुल हसन की पेंशन अटक गई। सर्विस रिकॉर्ड चेक करने पर पता चला कि उनके खिलाफ मड़ियांव थाने में अब भी एक एफआईआर लंबित है। हसन ने कई बार पुलिस और कोर्ट से फाइनल रिपोर्ट और केस डायरी की जानकारी मांगी, लेकिन दस्तावेज नहीं मिले।

ढाई साल तक भटकने के बाद उनकी शिकायत पर आखिरकार पुलिस ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज कर दी। डीसीपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि जांच में तथ्य सामने आने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: असम में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर 5.8 मापी गई तीव्रता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.