Varanasi News: अधिवक्ता से मारपीट के मामले में इंस्पेक्टर निलंबित, जांच जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र के रथयात्रा चौराहे पर शनिवार रात ट्रैफिक जाम हटाने के दौरान अधिवक्ता शिव प्रताप सिंह के साथ कथित मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है।

अब इस मामले में कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर कन्हैया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) व डीआईजी शिवहरि मीणा द्वारा की गई। उन्होंने बताया कि पूरे प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक जांच के आधार पर यह निर्णय लिया गया है।

क्या है मामला

शनिवार रात भेलूपुर के व्यस्त रथयात्रा चौराहे पर भारी जाम की स्थिति थी। इसी दौरान अधिवक्ता शिव प्रताप सिंह और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद इंस्पेक्टर कन्हैया द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगा।

घटना की जानकारी मिलते ही अधिवक्ता संगठनों ने विरोध जताया और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस पर बढ़ा दबाव, तत्काल हुई कार्रवाई

मारपीट के बाद अधिवक्ता संगठनों की ओर से विरोध-प्रदर्शन और चेतावनी के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया।

उच्च अधिकारियों के संज्ञान में मामला पहुंचते ही जांच के आदेश दिए गए, जिसके बाद इंस्पेक्टर को सस्पेंड किया गया।

जांच जारी, आगे की कार्रवाई संभव

डीआईजी शिवहरि मीणा ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की समीक्षा की जा रही है। दोषी पाए जाने पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

अधिवक्ता संगठनों ने प्रशासन से यह सुनिश्चित करने की मांग की है कि भविष्य में ऐसे घटनाक्रम की पुनरावृत्ति न हो।

वहीं, पुलिस विभाग ने आश्वासन दिया है कि कानून के दायरे में रहकर सभी को न्याय मिलेगा।

रिपोर्ट- विशाल कुमार मौर्या

Also Read: बीमार पिता के लिए फरियाद पर भावुक हुए सीएम योगी, दिलाया मुफ्त इलाज का भरोसा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.