मदर डेयरी ने दूध, पनीर और मक्खन के दाम घटाए, 22 सितंबर से लागू होंगी नई कीमतें
Sandesh Wahak Digital Desk: देश की प्रमुख डेयरी कंपनियों में से एक मदर डेयरी ने अपने कई उत्पादों के दाम घटाने का ऐलान किया है। कंपनी ने टेट्रा पैक दूध की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। यह फैसला सरकार के नए जीएसटी सुधारों के बाद लिया गया है, जिसके तहत कई खाद्य उत्पादों पर टैक्स कम किया गया है। नई कीमतें 22 सितंबर से लागू हो जाएंगी।
जीएसटी दरों में बदलाव के बाद, मदर डेयरी ने दूध के अलावा पनीर, मक्खन और आइसक्रीम जैसे कई उत्पादों की कीमतें भी कम कर दी हैं।
यूएचटी टोन्ड दूध (1 लीटर): कीमत 77 से घटकर 75 रुपये हो गई है।
पनीर (200 ग्राम): अब यह 95 की जगह 92 रुपये में मिलेगा।
मक्खन (500 ग्राम): इसकी कीमत 305 से घटकर 285 रुपये हो गई है।
आइसक्रीम: आइसक्रीम की कीमतों में भी 1 से 20 तक की कटौती की गई है।
जीएसटी सुधारों का असर
केंद्र सरकार ने हाल ही में हुए जीएसटी सुधारों में कई जरूरी खाद्य वस्तुओं और स्टेशनरी उत्पादों पर टैक्स कम कर दिया है। पहले 12% और 18% के टैक्स स्लैब में आने वाली चीजें अब 5% या शून्य टैक्स स्लैब में आ गई हैं।
मदर डेयरी के प्रबंध निदेशक मनीष बंदलिश ने सरकार के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि इससे सुरक्षित और गुणवत्ता वाले डेयरी उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि टैक्स कम होने से अब अधिक लोग इन उत्पादों का उपयोग कर सकेंगे, जिससे उन्हें बेहतर पोषण मिलेगा और उद्योग को भी फायदा होगा।

