Lucknow News: बैंकॉक से लखनऊ पहुंचे तस्कर पकड़े गए, करोड़ों का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त

Lucknow News: चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग को बड़ी कामयाबी मिली है। बैंकॉक से एयर इंडिया फ्लाइट से आए दो यात्रियों को कस्टम ने हिरासत में लिया, जिनके पास से करीब 2.493 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 2 करोड़ 49 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।

कस्टम विभाग की सतर्कता और कार्रवाई

वायु सीमा शुल्क लखनऊ को खुफिया सूचना मिली थी कि बैंकॉक से दो यात्री मादक पदार्थ लेकर आ रहे हैं। इसके बाद कस्टम अधिकारियों ने दोनों पर नजर रखी और एयरपोर्ट पर छापेमारी की। छानबीन में यात्रियों के ट्रॉली बैग से 8 पैकेट बरामद हुए, जिनके ऊपरी हिस्से पर हरे रंग के फूल दिखाई दे रहे थे। जांच में यह हाइड्रोपोनिक गांजा पाया गया।

कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारियां

कस्टम ने बरामद गांजे को एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा 43 के तहत जब्त कर लिया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक आरोपी मुंबई का और दूसरा बाराबंकी जिले का रहने वाला है। पूछताछ में बाराबंकी निवासी तस्कर ने बताया कि उसे यह बैग अबीद मेमन ने बैंकॉक एयरपोर्ट पर दिया था। अबीद मेमन की पहचान मुंबई का तस्कर के रूप में हुई है।

कस्टम विभाग ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और तस्करी के पूरे नेटवर्क को पकड़ने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस सफलता से कस्टम विभाग को अंतरराष्ट्रीय तस्करी रोकने में बड़ी सफलता मिली है।

Also Read: BSNL के इन तीन पॉपुलर प्लान पर 2% की छूट, जानिए कैसे मिलेगा फायदा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.