पत्नी के दसवां संस्कार के बाद पति समेत तीन लोग नदी में डूबे, बहराइच में एक ही परिवार में दोहराया मातम

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी के निधन के बाद उनके दसवां संस्कार में शामिल हुए पति समेत तीन लोगों की सरयू नदी में डूबने से मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना कैसरगंज के नीमदीपुर गांव में हुई, जहां बुधवार की रात नाव पलटने से यह हादसा हुआ।

लखनऊ से आए थे दो चचेरे भाई

मृतकों में नीमदीपुर के रहने वाले अजय (28), और उनके दो ममेरे भाई, लखनऊ के राजाजीपुरम से आए गोपी निषाद (19) और अंकुश निषाद (16) शामिल हैं। अजय की पत्नी आरती (25) की दस दिन पहले इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई थी, और बुधवार को उनका दसवां संस्कार था। रात करीब 8:30 बजे कार्यक्रम खत्म होने के बाद, तीनों युवक घूमने के लिए गांव की सरयू नदी में नाव से सैर करने चले गए। जब वे देर रात तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।

सुबह मिला तीनों का शव

रात भर चले तलाशी अभियान के बाद भी तीनों का कोई पता नहीं चला। अगले दिन, गुरुवार सुबह करीब 7 बजे, ग्रामीणों को गोपी का शव घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर नदी में तैरता हुआ मिला। इसके बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान जारी रखा। सुबह 11 बजे, अजय और अंकुश का शव भी नदी की झाड़ियों में फंसा हुआ बरामद हुआ। कैसरगंज के एसडीएम अखिलेश सिंह ने बताया कि नाव और तीनों शव बरामद कर लिए गए हैं। कोतवाल बृजेंद्र ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।

 

Also Read: लखनऊ में बुलडोजर देख मचा हंगामा, अवैध कब्जा हटाने गई टीम का विरोध, महिलाएं छत पर चढ़ीं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.