Chandauli News: अवैध अस्पतालों का भंडाफोड़, फर्जी डॉक्टरों पर बड़ी कार्रवाई
Chandauli News: जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर चल रहे फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा हुआ है। उप जिलाधिकारी सदर दिव्या ओझा ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मिलकर चार निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी पर छापेमारी की, जहां गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
रजिस्ट्रेशन रद्द करने का आदेश जारी हुआ
छापेमारी के दौरान पाया गया कि बिना योग्य डॉक्टर और प्रशिक्षित स्टाफ के मरीजों का इलाज और यहां तक कि ऑपरेशन तक किए जा रहे थे। धन्वंतरि चिकित्सालय में तो बिना प्रशिक्षित व्यक्ति गंभीर रोगों के ऑपरेशन कर रहा था। गड़बड़ी मिलने पर अस्पताल को सील कर दिया गया और रजिस्ट्रेशन रद्द करने का आदेश जारी हुआ।
इसके अलावा, ए टू ज़ेड हॉस्पिटल, शिव शक्ति हॉस्पिटल और न्यू पार्क पैथोलॉजी पर भी छापेमारी की गई, जहां न तो वैध कागजात मिले और न ही योग्य चिकित्सक। सभी संस्थानों को बंद कर सील कर दिया गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि इन अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों का इलाज भी किया जा रहा था।
अस्पताल शिफ्ट करने का प्रयास किया
प्रशासन ने मरीजों को जिला अस्पताल शिफ्ट करने का प्रयास किया, लेकिन कई मरीज वहां से जाने को तैयार नहीं हुए। मजबूरी में उनसे लिखित में लिया गया कि किसी भी असुविधा की जिम्मेदारी उनकी स्वयं की होगी।
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के मुताबिक, चंदौली में कई अस्पताल शिक्षित चिकित्सकों के प्रमाण पत्रों का दुरुपयोग कर रजिस्ट्रेशन कराते हैं और झोलाछाप डॉक्टर इलाज करते हैं, जिससे मरीजों की जान तक खतरे में पड़ जाती है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में उप जिलाधिकारी अनुपम मिश्रा ने भी चार अस्पतालों पर छापेमारी की थी, जहां इसी तरह की गंभीर लापरवाहियां सामने आई थीं।
उन्होंने मामलों की रिपोर्ट सीएमओ को भेजते हुए कड़ी कार्रवाई की सिफारिश की है।

