Azamgarh News: ‘लंगड़ा अभियान’ में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, अंतरजनपदीय बदमाश शिवम यादव मुठभेड़ में घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: आज़मगढ़ जिले में अपराध पर नकेल कसने के लिए चल रहे पुलिस के ‘लंगड़ा अभियान’ को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।

गुरुवार देर रात कोतवाली पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात अंतरजनपदीय लुटेरा शिवम यादव गोली लगने से घायल हो गया और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से नकदी, अवैध असलहा, कारतूस और लूट में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।

नए कप्तान की तैनाती से पहले बड़ी कार्रवाई

नए पुलिस कप्तान डॉ. अनिल कुमार के कार्यभार संभालने से पहले ही पुलिस ने यह कार्रवाई कर अपराध जगत को सख्त संदेश दिया है।

पुलिस का यह अभियान जनपद में सक्रिय अपराधियों के मनोबल को तोड़ने के लिए चलाया जा रहा है।

कैसे हुआ मुठभेड़ का खुलासा

एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने जानकारी दी कि गुरुवार रात लगभग 1 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध बदमाश तमसा नदी के पास बाग लखराव गांव में देखे गए हैं।

कोतवाली पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में शिवम यादव के पैर में गोली लगी और वह धर-दबोचा गया।

क्या-क्या बरामद हुआ?

पुलिस ने मौके से:

  • ₹5700 नकद

  • एक मोबाइल फोन

  • एक अवैध तमंचा और कारतूस

  • लूट में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।


कई जिलों की लूटकांडों का खुलासा

पूछताछ में शिवम यादव ने कई वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की। उसने बताया कि:

  • 6 सितंबर को कोठरा मुसहर बस्ती में एक महिला से चैन और बाली छीनी।

  • 23 जुलाई और 16 सितंबर को बलिया के थाना उभाव क्षेत्र में महिलाओं से बैग, चेन और अंगूठी लूटी।

  • 16 सितंबर की घटना में विरोध करने पर महिला पर फायरिंग भी की गई थी।

  • लूट के जेवरात को बेचकर गिरोह के सदस्यों ने पैसे आपस में बांट लिए थे।

शातिर अपराधी था शिवम यादव

एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि शिवम यादव, निवासी शनिचरा थाना बड़हलगंज, जिला गोरखपुर, एक शातिर और पेशेवर अपराधी है।

वह पहले रेकी करता था और फिर टारगेट कर वारदात को अंजाम देता था।

“शिवम की गिरफ्तारी से जिले में सक्रिय अपराधियों के हौसले पस्त होंगे। उसकी आपराधिक गतिविधियों और नेटवर्क की गहन जांच जारी है।”

मधुबन कुमार सिंह, एसपी सिटी आजमगढ़

पुलिस की सख्ती से अपराधियों में खौफ

‘लंगड़ा अभियान’ के तहत पुलिस अपराधियों पर कड़ा शिकंजा कस रही है। मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तारी की बढ़ती घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब अपराधियों के लिए आजमगढ़ में बच पाना मुश्किल होता जा रहा है।

रिपोर्ट- राम अवतार उपाध्याय

Also Read: दिल्ली में गैंगस्टर्स पर पुलिस का शिकंजा, कुख्यात गुड्डू का हुआ हाफ एनकाउंटर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.