CM योगी ने लखनऊ में किया चौथे गोमती बुक फेस्टिवल का उद्घाटन, युवाओं को दी ये सलाह

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित चौथे गोमती बुक फेस्टिवल का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने बच्चों और युवाओं को किताबों से जुड़ने की सलाह दी और कहा कि अच्छी किताबें एक योग्य मार्गदर्शक की तरह जीवन को आगे बढ़ाती हैं।

मुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किताबें भेंट कीं। उन्होंने खास तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिखी गई किताब ‘एग्जाम वॉरियर्स’ का जिक्र किया और कहा कि यह किताब छात्रों को किसी भी परीक्षा में सफलता पाने में मदद करेगी।

‘पुस्तक मेला साहित्य का महाकुम्भ’

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने इस नौ दिवसीय पुस्तक मेले को ‘साहित्य का महाकुम्भ’ बताया। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर कम समय बिताने और रोजाना कम से कम एक घंटा ज्ञानवर्धक किताबें पढ़ने की अपील की।

उन्होंने कहा कि ज्ञान की खोज ही जीवन का सबसे बड़ा लक्ष्य है और भारत की यह पुरानी परंपरा रही है। उन्होंने प्राचीन तक्षशिला विश्वविद्यालय और महर्षि वाल्मीकि जैसी महान हस्तियों का उदाहरण दिया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के नारे ‘व्हेन सिटिजन रीड्स, कंट्री लीड्स’ को भी दोहराया, जिसका मतलब है कि जब नागरिक पढ़ेंगे, तभी देश आगे बढ़ेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वस्थ नारी और सशक्त समाज के संदेश को भी दोहराया और कहा कि स्वस्थ महिलाएं ही एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण करती हैं। उन्होंने लखनऊ के सभी स्कूलों से बच्चों को इस पुस्तक मेले में भेजने की अपील की और हर छात्र से कम से कम एक किताब खरीदने को कहा।

गोमती बुक फेस्टिवल 20 से 28 सितंबर तक चलेगा। उद्घाटन समारोह में मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, सरकारी सलाहकार अवनीश अवस्थी और नेशनल बुक ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रो. मिलिंद सुधाकर मराठे सहित कई साहित्य प्रेमी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में लगे विभिन्न स्टॉलों का भी अवलोकन किया।

Also Read: लखनऊ में बार के बाहर चली गोली, पुलिस ने 4 लोगों को किया गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.