ट्रंप की अफगानिस्तान को चेतावनी, बगराम एयरबेस वापस करो, वरना बुरा होगा

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अफगानिस्तान को एक बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि अगर अफगानिस्तान, अमेरिका को बगराम एयरबेस वापस नहीं करता तो इसके ‘बहुत बुरे’ नतीजे होंगे।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, अगर अफगानिस्तान बगराम एयरबेस को उसके बनाने वालों यानी संयुक्त राज्य अमेरिका को वापस नहीं देता, तो बहुत बुरा होगा।

बगराम एयरबेस अफगानिस्तान में अमेरिका का सबसे बड़ा सैन्य अड्डा था। 11 सितंबर, 2001 के हमलों के बाद यह अमेरिकी सेना का एक प्रमुख ऑपरेशनल सेंटर बन गया था। हालांकि, अगस्त 2021 में अमेरिकी सेना की वापसी के बाद तालिबान ने इस एयरबेस पर कब्जा कर लिया था।

ट्रंप ने शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि अमेरिका इस एयरबेस को फिर से हासिल करने के लिए अफगानिस्तान के साथ बातचीत कर रहा है। उन्होंने पहले भी बगराम एयरबेस को छोड़ने के लिए अपने पूर्ववर्ती राष्ट्रपति जो बाइडेन की कड़ी आलोचना की थी।

तालिबान ने ट्रंप के बयान की निंदा की

ट्रंप के इस बयान पर तालिबान सरकार ने कड़ा विरोध जताया है। अफगानिस्तान के सरकारी रेडियो और टेलीविजन (आरटीए) की रिपोर्ट के अनुसार, एक वरिष्ठ अफगान अधिकारी ने कहा कि अफगान लोग अपने देश में किसी भी विदेशी सैन्य मौजूदगी को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। विदेश मंत्रालय के एक राजनयिक जलाली ने कहा कि अफगानिस्तान और अमेरिका को आपसी सम्मान और साझा हितों पर आधारित आर्थिक और राजनीतिक संबंधों पर बातचीत करनी चाहिए।

Also Read: Jaunpur News: संपूर्ण समाधान दिवस पर सालों से भटक रहे राजेंद्र प्रसाद को मिला तुरंत न्याय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.