Lucknow News: ओला ड्राइवर मर्डर केस की पुलिस ने सुलझाई गुत्थी, तीन आरोपी गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ की मलिहाबाद पुलिस और क्राइम/सर्विलांस टीम ने मिलकर एक ओला ड्राइवर की हत्या का मामला सुलझा लिया है। करीब एक महीने पहले लापता हुए ड्राइवर की हत्या का आरोप तीन युवकों पर है, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल यह मामला 21 अगस्त 2025 को तब सामने आया, जब मलिहाबाद के टिकरीखुर्द गांव के रहने वाले रामचंद्र यादव ने अपने 35 वर्षीय बेटे सर्वेश यादव (एक ओला ड्राइवर) के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 20 अगस्त को शाम करीब 4 बजे, सर्वेश ने हजरतगंज से इंदिरा डैम के लिए चार युवकों की बुकिंग ली थी। तीन युवक उसकी कार में बैठे, जबकि चौथा युवक अपनी मोटरसाइकिल से पीछे-पीछे आया।
तेजी से पैसा कमाने के लिए की हत्या
जांच में पुलिस ने पाया कि आरोपी तेजी से पैसा कमाने के लिए लूट और हत्या की योजना बना रहे थे। उन्होंने इंदिरा डैम से चिनहट जाते समय सर्वेश को लूटने के इरादे से उसके सिर में देसी पिस्तौल से गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद, उन्होंने सर्वेश का मोबाइल फोन और पैसे लूट लिए।

पुलिस ने मोबाइल फोन की लोकेशन को ट्रेस किया और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल पिस्तौल, मोबाइल फोन और मृतक का शव/कंकाल भी बरामद कर लिया। शव की पहचान कपड़ों और गले के धागे से हुई। पुलिस ने इस मामले में सौरभ यादव उर्फ शेरा, विजय यादव और अखिल यादव को गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपी अरविंद सिंह उर्फ कालू अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह भाटी के नेतृत्व में इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुलिस उपायुक्त, उत्तरी, द्वारा पुरस्कृत किया गया है।
Also Read: यूपी में जातिगत रैलियों पर प्रतिबंध, अखिलेश यादव बोले- 5000 सालों का भेदभाव कैसे मिटेगा?

