मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने GST सुधारों को सराहा, दिल्ली को स्वच्छ बनाने का दिया संदेश
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हाल ही में लागू किए गए GST सुधारों की तारीफ़ करते हुए कहा कि ये बदलाव दिल्ली के हर परिवार को फ़ायदा पहुँचा रहे हैं। एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उपभोक्ता और व्यापारी दोनों ही इन बदलावों से खुश हैं, और बाज़ारों में लोगों की भीड़ लगातार बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली के पुराने इंफ्रास्ट्रक्चर की कमियों पर बात करते हुए कहा कि पिछली सरकारों में सड़कें, फ्लाईओवर, स्कूल और अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाएँ बहुत ख़राब हालत में थीं। उन्होंने कहा कि जब तक हम इन समस्याओं को ठीक नहीं करेंगे, दिल्लीवासियों की मुश्किलें कम नहीं होंगी। उन्होंने टूटे हुए फुटपाथ और पार्किंग माफ़िया जैसी समस्याओं को दूर करने का संकल्प लिया और लोगों से इस काम में सहयोग की अपील की।
स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने चांदनी चौक का उदाहरण देते हुए कहा कि त्योहारों के समय बाज़ारों और धार्मिक स्थलों की साफ़-सफाई और भी ज़रूरी हो जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जिस तरह हम अपने घर को साफ़ रखते हैं, उसी तरह अपने बाज़ारों और सड़कों को भी साफ़ रखें।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर एक दिन, एक घंटा, एक साथ अभियान के तहत उन्होंने चांदनी चौक में सफ़ाई अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ़ एक सफ़ाई अभियान नहीं, बल्कि महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश और दीनदयाल जी के अंतिम जन तक सम्मान पहुँचाने के विचार को जीवन में उतारने का संकल्प था। उन्होंने कहा, देश तब बदलता है, जब हर हाथ ज़िम्मेदारी उठाता है।
Also Read: UP News: 7 साल से फरार 2 लाख का इनामी हत्यारा बरेली से गिरफ्तार, STF ने की बड़ी कार्रवाई

