मिशन शक्ति 5.0: उन्नाव में छात्राओं ने किया महिला थाने का भ्रमण, जानी पुलिस की कार्यप्रणाली

Sandesh Wahak Digital Desk: महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति फेज 5.0’ अभियान के तहत आज प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाइन की छात्राओं ने महिला थाना और पुलिस कंट्रोल रूम का भ्रमण किया। एसआरजी डॉ. रचना सिंह के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में पुलिस और कानून के प्रति सम्मान और समझ विकसित करना था।

पुलिस कार्यप्रणाली और महिला सुरक्षा की जानकारी

भ्रमण के दौरान, महिला थाना प्रभारी रेखा सिंह और पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी सीनियर सब इंस्पेक्टर अनूप मिश्रा ने बच्चों को पुलिस के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराया।

महिला थाना प्रभारी रेखा सिंह ने बालिकाओं और महिलाओं के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को FIR (प्रथम सूचना रिपोर्ट) दर्ज कराने का तरीका विस्तार से समझाया। पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी अनूप मिश्रा ने बच्चों को थानों, पुलिस कंट्रोल रूम और पुलिस आपातकालीन सेवा 112 की कार्यप्रणाली के बारे में बताया। छात्राओं को महिला हेल्पडेस्क के महत्व, पुलिस द्वारा उपयोग किए जाने वाले शस्त्रों और जीआरएस (GRS) की जानकारी दी गई।

जागरूकता और संवाद

इस अवसर पर, बच्चों को यातायात नियमों, महिला अधिकारों और साइबर अपराधों के बारे में भी जागरूक किया गया। छात्राओं ने अपनी जिज्ञासाओं के अनुसार पुलिस कर्मियों से विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका थाना प्रभारी रेखा सिंह और कंट्रोल रूम प्रभारी अनूप मिश्रा ने तार्किक जवाब देकर उन्हें जागरूक किया। बच्चों को सभी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए यह संदेश दिया गया कि जरूरत पड़ने पर वे इनका तुरंत प्रयोग करें, और पुलिस सहायता उनके पास तुरंत उपलब्ध होगी। भ्रमण के दौरान बच्चों के साथ एसआरजी डॉ. रचना सिंह, मुसर्रत फातिमा और विद्यालय की शिक्षिका नूपुर श्रीवास्तव भी उपस्थित रहीं।

रिपोर्ट: मो. आतिफ (अनम)

 

Also Read: उन्नाव में 10 नवंबर से सांसद और विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन, 25 दिसंबर को अटल जयंती पर होगा समापन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.