Lucknow News: नागरिक सुविधा दिवस में सामने आया LDA भ्रष्टाचार और अवैध कब्जों का मामला
Lucknow News: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) में मंगलवार को आयोजित नागरिक सुविधा दिवस में कमिश्नर विजय विश्वास पंत और प्राधिकरण उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान फरियादियों ने एलडीए के एक बाबू पर भ्रष्टाचार और कुछ नेताओं पर जमीन हड़पने के गंभीर आरोप लगाए।
नागरिकों ने आवास, संपत्ति, नक्शा पासिंग, जल निकासी और बिजली जैसी समस्याओं को भी सामने रखा। अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया और कुछ मामलों का मौके पर ही समाधान किया।
अवैध कार्रवाई करने के आरोप लगाए
ऐशबाग रामनगर से आए भानुप्रताप ने आरोप लगाया कि उनके इलाके के समाजवादी पार्टी के एक पूर्व राज्यसभा सांसद नेता ने अपनी हनक और प्रभाव का उपयोग कर उनकी जमीन और मकान अपने रिश्तेदारों के नाम करवा दिए और बेच दिए। गोमतीनगर के विकास मिश्र ने एलडीए के बाबू दिनेश शुक्ला पर फाइलें रोकने और अवैध कार्रवाई करने के आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि बाबू के वीसी और सचिव से अच्छे संबंध होने के कारण वह अपने आदेश आसानी से लागू करवा लेते हैं।
अवैध कब्जा और प्लॉट बेचने की शिकायत की
गोमतीनगर विस्तार सेक्टर-6 की वैष्णो कॉलोनी की अध्यक्ष नीलिमा जोशी ने कॉलोनी में अवैध कब्जों की शिकायत की। उन्होंने बताया कि खाली प्लॉटों पर झुग्गी-झोपड़ियां बनी हैं, जिसमें नशा और चोरी जैसी घटनाएं होती रहती हैं। तालकटोरा क्षेत्र के अशोक कुमार टंडन ने भी अपनी जमीन पर प्राइवेट बिल्डर द्वारा अवैध कब्जा और प्लॉट बेचने की शिकायत की।
कमिश्नर विजय विश्वास पंत और उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने सभी फरियादियों को उनकी समस्याओं पर उचित और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। कुछ मामलों का समाधान मौके पर ही किया गया।
इस अवसर पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
Also Read: वनएक्सबेट सट्टेबाजी केस, अभिनेत्री उर्वशी रौतेला से ED ने की लंबी पूछताछ

