लखनऊ के कार ड्राइवर की बेरहमी से हत्या, टोल प्लाजा CCTV फुटेज से मिला सुराग
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ से 29 सितंबर को लापता हुए एक 27 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। युवक का शव गुरुवार सुबह सीतापुर के पिसवा थाना क्षेत्र स्थित सरियापुर-फुकहा मार्ग किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला। शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने हत्या और लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दोस्त की पत्नी को लेने सीतापुर जाने की बात कहकर निकला था युवक
मृतक की पहचान लखनऊ के पारा इलाके में बुद्धेश्वर बादलखेड़ा निवासी योगेश कुमार पाल (27) के रूप में हुई है, जो पेशे से कार बुकिंग का काम करता था। 29 सितंबर की शाम करीब 6 बजे योगेश ने अपनी पत्नी वंदना से कहा कि वह दोस्त की पत्नी को लेने के लिए सीतापुर जा रहा है और बुकिंग लेकर अपनी कार से निकल गया। उसी रात से वह लापता हो गया।
अगले दिन योगेश का कोई पता न चलने पर उसके ससुर बद्री ने पारा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मंगलवार देर रात ग्राम प्रधान की सूचना पर पिसवा पुलिस ने झाड़ियों से शव बरामद किया। बृहस्पतिवार सुबह शव की शिनाख्त योगेश पाल के रूप में हुई।
बर्बरता से की गई हत्या, कार और नकदी गायब
शव की हालत देखकर पता चलता है कि हत्या से पहले योगेश के साथ बर्बरता की गई। योगेश के दोनों हाथ पीछे बंधे थे और उसके पूरे चेहरे पर टेप चिपकाई गई थी। शव की तलाशी में न तो उसका मोबाइल मिला और न ही पैसे। साथ ही उसकी कार भी गायब थी। पुलिस का मानना है कि पहले योगेश से मारपीट और लूटपाट की गई, और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया।
CCTV फुटेज में कार में दिखा एक और युवक
घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी दक्षिणी दुर्गेश प्रताप सिंह समेत फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस जांच में एक महत्वपूर्ण सुराग मिला है। खैराबाद टोल प्लाजा के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में योगेश की कार सीतापुर की तरफ जाते हुए दिखाई पड़ी। फुटेज में कार के अंदर योगेश के अलावा एक अन्य युवक भी बैठा नजर आ रहा है। पारा इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि सीतापुर पुलिस की दो टीमें, पश्चिमी डीसीपी की क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम समेत कई टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। अब तक 20 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा चुके हैं। इंस्पेक्टर ने कहा कि लूट और हत्या के अलावा अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है। पुलिस जल्द ही हत्यारोपियों की पहचान कर इस साजिश का पर्दाफाश करने का दावा कर रही है।

