लापरवाही पड़ी भारी, वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से 4 युवकों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के पूर्णिया जिले के कस्बा इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हुआ है। जोगबनी से पाटलिपुत्र जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से चार युवकों की मौत हो गई है। इस हादसे में कुछ लोग घायल भी बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए जीएमसी अस्पताल भेजा गया है। रेलवे पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भीषण दुर्घटना कस्बा रेलवे गुमटी के पास सुबह लगभग 5 बजे हुई। जिस समय हादसा हुआ, वंदे भारत ट्रेन (जो जोगबनी से पाटलिपुत्र तक जाती है) हाईस्पीड में गुजर रही थी। मृतकों की उम्र 18 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। वंदे भारत एक्सप्रेस की रफ्तार करीब 130 किलोमीटर प्रति घंटा होती है, जिसके चलते यह ट्रेन जब भी गुजरती है, तो आस-पास के लोगों को विशेष रूप से अलर्ट रहना पड़ता है।
फिलहाल, इस बात की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है कि हादसे की असली वजह क्या थी। कुछ सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह रेलवे गुमटी कर्मचारी की लापरवाही थी? या फिर लोगों ने हाई स्पीड ट्रेन की अनदेखी करते हुए गुमटी पार करने की कोशिश की? मौके पर रेलवे और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं। उनका कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
Also Read: Azamgarh News: 25 हजारी इनामी बदमाश आदिल मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

