माध्यमिक शिक्षकों के लिए खुशखबरी, दिवाली पर जारी हो सकता है 2300 तदर्थ शिक्षकों का बकाया वेतन
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में तैनात रहे करीब 2300 तदर्थ शिक्षकों के लिए खुशखबरी है। राज्य सरकार दिवाली के त्यौहार से पहले इन्हें लंबे समय से लंबित बकाया वेतन जारी करने की तैयारी कर रही है।
नौ महीने का बकाया वेतन देने की कवायद तेज
माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इन शिक्षकों को नौ महीने का बकाया वेतन देने के लिए आवश्यक बजट प्रावधान करने हेतु शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। शासन से बजट की व्यवस्था होते ही इन्हें भुगतान कर दिया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सरकार ने बड़ी संख्या में तदर्थ शिक्षकों को हटा दिया था, साथ ही उनके बकाया वेतन जारी करने का निर्देश भी दिया था। हालांकि, बजट की कमी और कुछ तकनीकी कारणों से भुगतान रुका हुआ था।
लंबित वेतन जारी करने और नियमितीकरण की मांग को लेकर तदर्थ शिक्षकों ने निदेशालय पर लंबे समय तक धरना-प्रदर्शन भी किया था।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बकाया वेतन जारी करने की कवायद तेज हुई है और आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि शिक्षकों को दिवाली से पहले बकाया वेतन जारी कर दिया जाए।”

