फरहान अख्तर की मां हनी ईरानी के साथ ड्राइवर ने की 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी, 2 लोग गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड अभिनेता-निर्देशक फरहान अख्तर की माँ, लेखिका हनी ईरानी, के साथ एक चौंकाने वाली धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। उनकी गाड़ियों के ड्राइवर और एक पेट्रोल पंप कर्मचारी ने मिलकर उन्हें लगभग 12 लाख रुपये का चूना लगाया है। मुंबई पुलिस ने ड्राइवर और पेट्रोल पंप कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

यह धोखाधड़ी तब सामने आई जब हनी ईरानी की मैनेजर दिया भाटिया (36) ने 1 अक्टूबर को बांद्रा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार ड्राइवर नरेश सिंह (35), फरहान अख्तर के नाम पर जारी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करके गाड़ी में पेट्रोल भरवाता था। जाँच में पता चला कि ड्राइवर 35 लीटर की टंकी वाली गाड़ी में 62 लीटर पेट्रोल भरा हुआ दिखा रहा था। यही नहीं, ड्राइवर उस गाड़ी के लिए भी पेट्रोल भरवाने के पैसे दिखाता था जो सात साल पहले ही बेची जा चुकी थी।

जब मैनेजर दिया भाटिया ने ड्राइवर नरेश सिंह से पूछताछ की, तो उसने पहले संतोषजनक जवाब नहीं दिया। बाद में पता चला कि उसने फरहान अख्तर के नाम पर जारी तीन अलग-अलग कार्डों का इस्तेमाल किया था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी ड्राइवर नरेश सिंह (35) और पेट्रोल पंप कर्मचारी अरुण सिंह (52) मिलकर यह धोखाधड़ी करते थे।

ड्राइवर कार्ड स्वाइप करता था और पेट्रोल पंप कर्मचारी अरुण सिंह उसे कैश लौटा देता था। इसमें से कर्मचारी अपना हिस्सा काटकर बाकी पैसे ड्राइवर को देता था। आरोपी ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि उसने यह कार्ड साल 2022 में फरहान अख्तर के पूर्व ड्राइवर से लिया था और तब से ही वह बांद्रा झील के पास स्थित पेट्रोल पंप पर यह गड़बड़ी कर रहा था। उसे बिना ईंधन भरे, प्रति स्वाइप 1,000 से 1,500 रुपये के बीच नकद मिल जाता था। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: IND vs WI Test Series: भारत ने कस लिया शिकंजा, वेस्टइंडीज ढेर, तीसरे दिन ही नतीजे के आसार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.