लखनऊ मर्डर मिस्ट्री: मां की हत्या के बाद बेटा ‘लापता’, CCTV फुटेज ने उलझाया मामला

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के रायबरेली रोड स्थित बाबू खेड़ा गांव में शुक्रवार को 40 वर्षीय रेनू यादव की बेरहमी से हत्या कर दिए जाने के मामले की गुत्थी उलझ गई है। इस केस में शक की सुई सीधे मृतका के मझले बेटे निखिल यादव पर टिक गई है, जिसे परिवार ने भले ही लापता बताया हो, लेकिन वह दो अलग-अलग सीसीटीवी फुटेज में घटना के बाद सामान्य तरीके से अकेले जाता हुआ दिखा है।

गैस सिलेंडर पर सिर पटककर हत्या की आशंका

शुक्रवार को रेनू यादव की खून से सनी लाश उनके घर में मिली थी। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई गई है कि उनकी हत्या पास रखे गैस सिलेंडर पर सिर पटककर की गई, क्योंकि सिलेंडर पर खून के निशान मिले हैं।

हत्या के बाद घर में लूट और अपहरण की कहानी गढ़ी गई। अलमारी और बक्से टूटे मिले, और घर से करीब 7 लाख रुपये के जेवर और नकदी गायब बताई गई। पुलिस को शक है कि ऑनलाइन लोन चुकाने के भारी दबाव, कीमती जेवर गायब होने, और किसी बाहरी व्यक्ति के घर में दाखिल न होने के कारण हत्या का मोटिव (मकसद) घर के भीतर ही मौजूद था।

सीसीटीवी ने खोला ‘लापता’ बेटे का राज

रेनू यादव की हत्या के बाद उनके मझले बेटे निखिल यादव ने अपने मामा और दोस्त को फोन कर कहा, “मामा मुझे बचा लो… लोग मेरा पीछा कर रहे हैं, मेरा अपहरण हो गया है… मार देंगे।” इसके बाद से ही उसका फोन स्विच ऑफ आ रहा है।

हालांकि, निखिल की बातों में पुलिस को कई झोल मिले, जिसका खुलासा सीसीटीवी फुटेज ने किया।

फुटेज 1: निखिल घटना के आधे घंटे के भीतर मोहल्ले के पास लगे कैमरे में बैग टांगे, बाइक से बाहर निकलता दिखा।

फुटेज 2: वह तेलीबाग चौराहे पर शांत और सामान्य तरीके से बाइक चलाता हुआ सड़क पार करता दिखा।

पुलिस का कहना है कि अगर निखिल का अपहरण हुआ होता, तो वह फुटेज में इतना शांत और सहज नहीं दिखता।

पुलिस का रुख और अगला कदम

डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि निखिल फिलहाल फरार है और उसकी तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। अब तक की जांच में घटना में किसी बाहरी व्यक्ति के शामिल होने के साक्ष्य नहीं मिले हैं। घटना के समय घर में केवल रेनू और निखिल ही मौजूद थे। पुलिस का मानना है कि मां की मौत के बाद निखिल की भूमिका ने सबको हैरान कर दिया है और हत्या की गुत्थी निखिल के पकड़े जाने के बाद ही पूरी तरह सुलझेगी।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या वाकई बेटे ने ही अपनी मां की हत्या की है? पुलिस टीमें निखिल की तलाश में जुटी हैं।

Also Read: बिहार में इस बार बड़े भाई और छोटे भाई की भूमिका नहीं… बीजेपी अध्यक्ष के बयान ने बढ़ाई सियासी हलचल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.