भारत में 9 ब्रिटिश यूनिवर्सिटी खोलेंगी कैंपस, सैन्य सहयोग पर भी बनी सहमति: पीएम मोदी
Sandesh Wahak Digital Desk: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के भारत दौरे पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मुंबई के राजभवन में अपने समकक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए अहम बैठक की।
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कीर स्टार्मर के नेतृत्व में भारत और ब्रिटेन के रिश्तों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। समझौते के कुछ ही महीनों में आपका यह भारत दौरा और आपके साथ आया अब तक का सबसे बड़ा बिजनेस डेलिगेशन, भारत-ब्रिटेन साझेदारी में आई नई ऊर्जा और व्यापक दृष्टि का प्रतीक है। पीएम मोदी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक अस्थिरता के दौर में यह बढ़ती हुई साझेदारी ग्लोबल स्टेबिलिटी और आर्थिक प्रगति’ का एक महत्वपूर्ण आधार बन रही है।
शिक्षा और रक्षा में नए समझौते
पीएम मोदी ने भारत और ब्रिटेन को नेचुरल पार्टनर बताया, जिनके संबंधों की नींव में लोकतंत्र, स्वतंत्रता और ‘रूल ऑफ लॉ’ जैसे मूल्यों में साझा विश्वास है। इस बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ की गईं।
शिक्षा: प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि यह खुशी की बात है कि अब ब्रिटेन की 9 यूनिवर्सिटीज भारत में कैंपस खोलने जा रही हैं। उन्होंने बताया कि साउथेम्प्टन यूनिवर्सिटी के गुरुग्राम कैंपस का हाल ही में उद्घाटन हुआ है और छात्रों का पहला बैच प्रवेश भी ले चुका है।
रक्षा सहयोग: दोनों देशों ने मिलिट्री ट्रेनिंग में सहयोग पर समझौता किया है। इसके तहत भारतीय वायुसेना के फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर ब्रिटेन की रॉयल एयरफोर्स में ट्रेनर्स के रूप में काम करेंगे। पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि भारत की गतिशीलता (Momentum) और ब्रिटेन की विशेषज्ञता मिलकर एक अद्वितीय तालमेल बनाती है। उन्होंने इस साझेदारी को भरोसेमंद, टेलेंट और टेक्नोलॉजी ड्रिवन बताया।
Also Read: Kanpur Dehat: यमुना में डूबी 19 साल की प्रांसी अब भी लापता, बहन रागिनी की मौत से गांव में मातम

