62 गेंदों में जड़ दिया शतक, शिवम दुबे ने बरपाया कहर, एक ओवर में उड़ाए 4 छक्के

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर शिवम दुबे इन दिनों शानदार लय में हैं। एशिया कप में बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद अब उन्होंने घरेलू क्रिकेट में भी अपना दम दिखाया है।

पुणे में खेले गए मुंबई बनाम महाराष्ट्र के तीन दिवसीय अभ्यास मैच में दुबे ने तूफानी शतक जड़कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

दुबे ने महज 62 गेंदों में शतक पूरा किया। उनकी विस्फोटक पारी में 9 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। बाएं हाथ के स्पिनर हितेश वालुंज के एक ही ओवर में उन्होंने लगातार चार छक्के जड़कर मैदान में सनसनी मचा दी।

Shivam Dube

उनकी इस पारी का स्ट्राइक रेट 160 से अधिक रहा। दुबे उस समय क्रीज पर उतरे, जब मुंबई टीम शुरुआती झटकों से जूझ रही थी, लेकिन उन्होंने मोर्चा संभालते हुए गजब की बल्लेबाजी की।

इस मुकाबले में पृथ्वी शॉ भी सुर्खियों में रहे। महाराष्ट्र की ओर से खेलते हुए उन्होंने शानदार 181 रन की पारी खेली। हालांकि बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद वह विवाद में घिर गए।

बताया जा रहा है कि आउट होने के बाद उनका मुंबई के युवा खिलाड़ी मुशीर खान (सरफराज खान के छोटे भाई) से विवाद हो गया। दोनों खिलाड़ियों के बीच मैदान पर तीखी नोकझोंक हुई और मामला हाथापाई तक पहुंचता, लेकिन अंपायरों और टीम प्रबंधन ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाल ली।

इस घटना की जांच पूर्व भारतीय क्रिकेटर दिलीप वेंगसरकर करेंगे।

रणजी ट्रॉफी से पहले खेले गए इस अभ्यास मैच ने यह संकेत दे दिया है कि आगामी सीजन बेहद रोमांचक होने वाला है।

दुबे की आक्रमक बल्लेबाजी ने चयनकर्ताओं को एक मजबूत संकेत दिया है कि वह आने वाले समय में भारतीय टीम के लिए बड़े मैच विनर साबित हो सकते हैं।

Also Read: कोच गंभीर की डिनर पार्टी बस से पहुंची पूरी टीम, सिर्फ एक खिलाड़ी ने अपनी चमचमाती BMW से मारी एंट्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.