मेडिकल छात्रा से दरिंदगी मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: दुर्गापुर के एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज की छात्रा से हुए सामूहिक बलात्कार (गैंगरेप) के सनसनीखेज मामले में पश्चिम बंगाल पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने घटना के बाद मोबाइल नेटवर्क ट्रेसिंग के ज़रिए इन आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस की टीम ने उस जंगल में रात भर तलाशी अभियान चलाया, जहाँ इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया गया था।

पुलिस ने शनिवार को बताया था कि ओडिशा की मूल निवासी एक मेडिकल छात्रा के साथ दुर्गापुर में अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर बलात्कार किया। यह घटना शुक्रवार रात उस समय हुई, जब द्वितीय वर्ष की छात्रा अपने एक दोस्त के साथ डिनर करने के लिए कॉलेज परिसर के बाहर गई थी।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस ने इसे बेहद संवेदनशील मामला बताते हुए कहा कि तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आगे की जानकारी बाद में साझा की जाएगी।

फ़िलहाल, पीड़िता का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसने पुलिस को अपना बयान दे दिया है। इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से आग्रह किया है कि वे अपराधियों के ख़िलाफ़ त्वरित और सख़्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।

Also Read: पाकिस्तानी एयर अटैक का अफगानिस्तान ने दिया करारा जवाब, 15 पाक सैनिक मारे गए, 3 चौकियों पर किया कब्ज़ा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.