आजम खान को मिली Y श्रेणी की सुरक्षा, सपा नेता के घर बढ़ती भीड़ और सुरक्षा चिंताओं के बाद प्रशासन का फैसला
Rampur News: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम ख़ान को पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर ‘वाई’ (Y) श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। लम्बे समय तक क़ानूनी उलझनों और 23 महीने जेल में बिताने के बाद ज़मानत पर रिहा हुए आजम ख़ान की सुरक्षा को लेकर यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
दरअसल, जेल से रिहा होने के बाद रामपुर स्थित उनके आवास पर समर्थकों और शुभचिंतकों की लगातार भीड़ उमड़ रही है, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मज़बूत करने का फैसला किया है। आजम ख़ान को पहले भी ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त थी, लेकिन कोर्ट द्वारा दोषी क़रार दिए जाने और उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द होने के साथ ही सुरक्षा वापस ले ली गई थी। सीतापुर जेल में बंद होने के दौरान उनकी सुरक्षा फिर से हटा दी गई थी।

अब ज़मानत पर रिहा होने के बाद पुलिस प्रशासन ने उनकी सुरक्षा को फिर से बहाल करने का फैसला किया है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा के तहत आजम ख़ान के लिए गार्ड और गनर तैनात किए गए हैं।
दिलचस्प बात यह है कि जेल से रिहा होने के दिन पुलिस प्रशासन ने उनकी सुरक्षा के लिए जवानों को भेजा था, लेकिन उस समय आजम ख़ान ने सुरक्षा लेने से इनकार कर दिया था और पुलिस लाइन से आए गार्ड व गनर को वापस भेज दिया था। हालांकि, अब प्रशासन ने उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह फ़ैसला लिया है। यह कदम न केवल उनकी सुरक्षा, बल्कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक माना जा रहा है।
Also Read: Lucknow News: 50,000 का इनामी बदमाश सूरज लखनऊ से गिरफ्तार, STF को मिली बड़ी सफलता

