Moradabad News: शादी से पहले किसी और के साथ भागी मंगेतर, होने वाले पति ने की आत्महत्या
Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक दर्दनाक घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। यहां सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की आदर्श कॉलोनी में रहने वाले अनिकेत नाम के युवक ने अपनी मंगेतर के किसी और के साथ भाग जाने के सदमे में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले अनिकेत ने 18 सेकंड का एक वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
22 नवंबर को होनी थी शादी
आपको बताते चलें कि इस वायरल वीडियो में अनिकेत की आवाज़ में निराशा और गुस्सा साफ झलकता है। वीडिओ में उसको कहते हुए सुना जा सकता है कि, मैंने जहर खा लिया है, मेरी मौत की जिम्मेदार सिर्फ चारु होगी, सिर्फ चारु। जिसके बाद अब यह वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है और समाज में रिश्तों की नाजुकता पर सवाल खड़े कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक, अनिकेत और चारु की शादी 22 नवंबर को तय थी। लेकिन शादी से कुछ दिन पहले ही चारु किसी और युवक के साथ फरार हो गई। मृतक के बड़े भाई शुभम ने बताया कि चारु का परिवार इस बात से वाकिफ था, मगर उन्होंने सच्चाई छिपा ली। जब अनिकेत को इसका पता चला तो वह गहरे सदमे में चला गया और उसने अपनी जान देने का फैसला कर लिया।

परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
वहीं मृतक अनिकेत के परिवार ने चारु और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शुभम ने बताया कि अनिकेत बेहद भावुक स्वभाव का था और मंगेतर के साथ उसकी गहरी भावनात्मक जुड़ाव था। शादी टूटने की खबर ने उसे अंदर से तोड़ दिया।
वहीं ये वीडियो वायरल होने के बाद मुरादाबाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना सिविल लाइंस प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि घटना से पहले अनिकेत मानसिक रूप से बेहद परेशान था। पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: महागठबंधन में सीट बंटवारे से पहले तेजस्वी यादव ने राघोपुर से दाखिल किया नामांकन

