इंदौर में 22 किन्नरों ने फिनाइल पीकर की सामूहिक आत्महत्या की कोशिश, दो गुटों के आपसी विवाद में उठाया खौफनाक कदम

Sandesh Wahak Digital Desk: इंदौर के पंढरीनाथ थाना क्षेत्र के नंदलालपुरा इलाक़े में बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब क़रीब 22 किन्नरों ने एक बंद कमरे में फ़िनाइल पीकर सामूहिक रूप से आत्महत्या करने की कोशिश की। इस खौफनाक क़दम को उठाने से पहले उन्होंने इसका एक वीडियो भी जारी किया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत सक्रिय हुई। अधिकारियों ने मौक़े पर पहुँचकर कमरे का दरवाज़ा खुलवाया और सभी किन्नरों को तत्काल उपचार के लिए एमवाय अस्पताल पहुँचाया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

दो गुटों की आपसी खींचतान

पुलिस के अनुसार, इस सामूहिक आत्महत्या की कोशिश की वजह किन्नरों के दो गुटों के बीच चल रहा लंबे समय का आपसी विवाद है। नंदलालपुरा इलाक़े में एक गुट सपना गुरु का है, जबकि दूसरा गुट सीमा व पायल गुरु का है। विवाद इतना बढ़ गया है कि मंगलवार को किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर लक्ष्मी त्रिपाठी भी इंदौर आई थीं और इस मसले को लेकर अफ़सरों से मुलाक़ात भी की थी। इस विवाद की जाँच के लिए पहले भी एसआईटी (SIT) का गठन हो चुका है, लेकिन जाँच पूरी नहीं हो पाई है।

फ़िनाइल पीकर किया चक्काजाम

सामूहिक रूप से फ़िनाइल पीने के बाद, एक गुट से जुड़े किन्नरों ने नंदलालपुरा चौराहे पर चक्काजाम भी कर दिया, जिससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने हस्तक्षेप कर किसी तरह उन्हें समझाया और चक्काजाम ख़त्म करवाया।

एमवाय अस्पताल के डॉक्टरों ने जानकारी दी है कि सभी मरीज़ों की हालत अब ख़तरे से बाहर है और उनका उपचार जारी है। समय रहते मेडिकल सहायता मिलने से सभी की जान बचाई जा सकी। पुलिस पूरे मामले की जाँच में जुटी है और विवाद से जुड़े सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

Also Read: CM योगी आदित्यनाथ का तेजस्वी पर तीखा हमला, बोले- घुसपैठियों को वोट दिलाकर बिहार के अधिकार छीनना चाहती है RJD

Get real time updates directly on you device, subscribe now.