भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव को RJD से मिला टिकट, छपरा से लड़ेंगे चुनाव

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल तेज़ हो गया है। इसी कड़ी में भोजपुरी फ़िल्म इंडस्ट्री के सुपर स्टार खेसारी लाल यादव भी अब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के टिकट पर चुनावी मैदान में उतर गए हैं। आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने खुद खेसारी लाल यादव को पार्टी का सिंबल दिया। इसकी जानकारी खेसारी लाल ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर लालू यादव के साथ एक तस्वीर साझा करके दी है।

खेसारी लाल यादव छपरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे और वे शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। खेसारी लाल यादव ने ‘एक्स’ पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए जनता से समर्थन की अपील की। उन्होंने लिखा, मैं, आप सभी का बेटा और भाई खेसारी लाल यादव, इस बार छपरा विधानसभा से चुनाव लड़ रहा हूं। मैं कोई परंपरागत नेता नहीं हूं, मैं आप सभी जनता जनार्दन का बेटा हूं, खेत-खलिहान का लाल हूं, हर तबके की आवाज हूं और युवा भाइयों का जोश हूं।

उन्होंने राजनीति में आने के अपने मक़सद को स्पष्ट करते हुए कहा, मेरे लिए राजनीति कोई कुर्सी की दौड़ नहीं है, ये एक ज़िम्मेदारी है, छपरा के हर घर तक विकास पहुंचाने की, हर दिल की आवाज बनने की। खेसारी लाल ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल की विचारधारा, लालू प्रसाद यादव और बड़े भाई तेजस्वी यादव का युवा नेतृत्व, और जनता का आशीर्वाद ही अब उनके रास्ते का दीपक है।

उन्होंने छपरा की जनता से भावुक अपील करते हुए कहा कि वह शुक्रवार को नामांकन भरने जा रहे हैं, और इस मौके पर उनका साथ और आशीर्वाद उनके लिए बहुत बड़ा संबल होगा, ताकि वह उनके हक़ और सम्मान की लड़ाई और मज़बूती से लड़ सकें।

Also Read: एच-1बी वीज़ा शुल्क 1 लाख डालर करने पर बवाल, यूएस चैंबर ऑफ कॉमर्स ने ट्रंप प्रशासन पर ठोका मुकदमा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.