बिहार में फ़िल्मी कलाकार सीमा सिंह का नामांकन रद्द
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान मढ़ौरा सीट से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां कुल चार प्रत्याशियों का नामांकन रद्द कर दिया गया है। इनमें एनडीए समर्थित लोजपा (रामविलास) की उम्मीदवार और फिल्म अभिनेत्री सीमा सिंह (Seema Singh), बसपा के आदित्य कुमार, जदयू के बागी और पूर्व जिलाध्यक्ष अल्ताफ आलम राजू, तथा निर्दलीय उम्मीदवार विशाल कुमार शामिल हैं। यहां मढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र की निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ निधि राज ने इस संबंध में आधिकारिक घोषणा की है।
नामांकन फॉर्म ‘B’ में तकनीकी खामी
यहां लोजपा (रामविलास) उम्मीदवार सीमा सिंह का नामांकन फॉर्म ‘B’ में तकनीकी गड़बड़ी पाई गई, जिसके चलते उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी गई। बताया जा रहा है कि उन्होंने नामांकन अंतिम दिन दोपहर करीब 3 बजे दाखिल किया था। निर्वाचन आयोग की ओर से उन्हें गड़बड़ी को सुधारने और शाम तक संशोधित फॉर्म जमा करने का अवसर दिया गया था, लेकिन वे समय पर फॉर्म जमा नहीं कर सकीं। इस वजह से उनका नामांकन निरस्त कर दिया गया। सीमा सिंह मूल रूप से बरबीघा की रहने वाली हैं और उन्हें लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने मढ़ौरा सीट से अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया था।

अन्य प्रत्याशियों के नामांकन में भी खामियां
इसी क्रम में बसपा प्रत्याशी आदित्य कुमार, जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष और बागी नेता अल्ताफ आलम राजू जिन्होंने निर्दलीय नामांकन दाखिल किया था, और निर्दलीय उम्मीदवार विशाल कुमार का भी नामांकन जांच के दौरान खामियों के कारण रद्द कर दिया गया। वहीं नामांकन रद्द होने के बाद अब मढ़ौरा सीट से कई प्रमुख चेहरों की उम्मीदवारी खत्म हो गई है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि इससे इस सीट पर मुकाबला अब और रोचक हो जाएगा, क्योंकि कई दिग्गजों की गैरमौजूदगी में समीकरण पूरी तरह बदल सकते हैं।
Also Read: Lucknow News: डिफेंस लैंड के लिए दिल खोलकर जमीन देगा यूपी: CM योगी

