Lucknow News: LDA फ्लैट्स पर दिवाली ऑफर 15 दिन बढ़ा, अब 6 नवंबर तक पाएं 2 लाख रुपये तक की छूट
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अपना घर लेने का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के अपार्टमेंट्स को मिल रहे जबरदस्त रुझान को देखते हुए, प्राधिकरण ने दिवाली स्पेशल डिस्काउंट ऑफर की अवधि को 15 दिनों के लिए बढ़ा दिया है।
इस बार दिवाली के मौके पर एलडीए के रिकॉर्ड 589 फ्लैट बुक हुए। लोगों के इस उत्साह को देखते हुए, एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने घोषणा की है कि यह स्पेशल ऑफर अब 6 नवंबर, 2025 तक वैध रहेगा। इस दौरान फ्लैट लेने पर लोगों को सीधे 1 लाख से 2 लाख रुपये तक की छूट मिलेगी, साथ ही पूर्व में दी जा रही सभी प्रकार की छूट भी जारी रहेंगी।
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि विभिन्न योजनाओं में रेडी टू मूव फ्लैट्स को पहले आओ-पहले पाओ योजना के तहत बेचा जा रहा है। फेस्टिव सीजन के दौरान यह बंपर डिस्काउंट ऑफर 22 सितंबर से 22 अक्टूबर 2025 तक लागू था, जिसे अब बढ़ाया गया है।
20 लाख से 50 लाख रुपये कीमत के फ्लैट: 1 लाख रुपये की सीधी छूट।
50 लाख से 75 लाख रुपये कीमत के फ्लैट: 1.50 लाख रुपये की सीधी छूट।
75 लाख रुपये से अधिक कीमत के फ्लैट: 2 लाख रुपये की सीधी छूट।
500 से 1900 वर्गफुट के फ्लैट उपलब्ध
वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि एलडीए की विभिन्न योजनाओं में 500 से 1900 वर्गफुट क्षेत्रफल के 1 बीएचके, 2 बीएचके और 3 बीएचके फ्लैट उपलब्ध हैं। इनकी कीमत लगभग 22 लाख रुपये से लेकर 1.08 करोड़ रुपये तक है।
खरीद को आसान बनाने के लिए, सरकारी कर्मचारियों को फ्लैट की कीमत का 25% और सामान्य नागरिकों को 35% भुगतान करने पर हायर परचेज एग्रीमेंट के तहत तुरंत फ्लैट का कब्ज़ा भी दिया जा रहा है। इसके अलावा, कोई भी व्यक्ति सुलभ आवास एवं ईडब्ल्यूएस को छोड़कर किसी भी आवासीय योजना में एक से अधिक फ्लैट खरीद सकेगा।
इन अपार्टमेंट्स में हुई बंपर बिक्री
अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि इस फेस्टिव सीजन में बिक्री मं भारी बढ़ोतरी हुई है। सर्वाधिक बुकिंग देवपुर पारा योजना में हुई, जहाँ 382 फ्लैट बुक किए गए। इसके अलावा, सीतापुर रोड स्थित प्रियदर्शिनी योजना के सोपान इन्क्लेव 2 में 56 फ्लैट, अश्लेषा अपार्टमेंट के 18 और रश्मि लोक अपार्टमेंट के 15 फ्लैटों की बुकिंग हुई। फ्लैट गोमती नगर, अलीगंज, जानकीपुरम, कानपुर रोड, प्रियदर्शिनी, देवपुर पारा और शारदा नगर योजनाओं में उपलब्ध हैं।
Also Read: Lucknow News: यूपी में नकली दवाओं पर लगेगी लगाम, हर जिले में होंगे जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी

