निर्माणाधीन रेलवे ब्रिज पर क्रेन पलटी, 2 लोगों की मौके पर मौत, कई लोगों के दबे होने की आशंका
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के धार जिले की औद्योगिक नगरी पीथमपुर में एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हुआ है। सागौर थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन रेलवे ब्रिज पर काम कर रही एक भारी-भरकम क्रेन अचानक पलट गई। इस दौरान क्रेन की चपेट में एक टाटा मैजिक और एक पिकअप वाहन आ गए।
इस भीषण हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। आशंका है कि वहाँ से गुजर रहे बाइक सवारों सहित कुछ अन्य लोग भी क्रेन के नीचे दब गए होंगे।
जानकारी के अनुसार, यह क्रेन ब्रिज निर्माण के दौरान एक भारी पिलर को शिफ्ट करने का काम कर रही थी। इसी दौरान अचानक क्रेन का संतुलन बिगड़ा और वह सर्विस रोड पर पलट गई। क्रेन का वजन इतना ज्यादा था कि उसकी चपेट में आई पिकअप वैन पूरी तरह से चकनाचूर हो गई, और वाहन में बैठे लोगों को बचने का कोई मौका नहीं मिला। मृतकों की शिनाख्त उन्हें बाहर निकालने के बाद ही हो पाएगी।
सागौर थाना प्रभारी प्रकाश सरोदे सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौके पर पहुँच गए हैं और युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी क्रेन को हटाने के बाद ही घायलों और मृतकों की वास्तविक संख्या सामने आ पाएगी।
Also Read: सिवान में ASI की हत्या, धारदार हथियार से वार कर सुनसान इलाके में फेंका शव

