ट्यूनीशिया में कंपनी ने झारखंड के 48 मजदूरों को बनाया बंधक, वीडियो जारी कर भारत सरकार से लगाई वतन वापसी की गुहार

Sandesh Wahak Digital Desk: अफ्रीकी देश ट्यूनीशिया से एक बेहद परेशान करने वाली खबर सामने आई है, जहाँ झारखंड के 48 मजदूर एक स्थानीय कंपनी में बंधक बन गए हैं। इन मजदूरों का आरोप है कि कंपनी उनसे जबरन काम ले रही है, लेकिन इसके एवज में उन्हें पिछले तीन महीने से मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है।

ट्यूनीशिया में फंसे इन मजदूरों ने एक मार्मिक वीडियो जारी करके भारत सरकार और झारखंड सरकार से शीघ्र वतन वापसी की गुहार लगाई है।

पासपोर्ट जब्त, बाहर निकलने की अनुमति नहीं

वीडियो में मजदूरों ने अपनी दर्दभरी कहानी बताते हुए कहा कि कंपनी ने उनके पासपोर्ट भी अपने पास रख लिए हैं और उन्हें परिसर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। मजदूरों की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो गई है कि अब उनके सामने भोजन की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने भारत सरकार से तत्काल बकाया वेतन का भुगतान कराने और उनकी सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने की मांग की है।

ट्यूनीशिया में फंसे इन 48 मजदूरों में, 19 हजारीबाग, 14 गिरिडीह, 15 मजदूर बोकारो से हैं। इनमें अमरदीप चौधरी, जिवाधन महतो, धानेश्वर महतो, जागेश्वर कुमार महतो, गोविंद कुमार महतो, नंदलाल महतो, संतोष महतो, गुरुचरण महतो, अजय कुमार, अनिल कुमार, गोपाल महतो, राजेश करमाली, लालू करमाली जैसे कई मजदूर शामिल हैं।

सरकार ने केंद्र से की हस्तक्षेप की अपील

प्रवासी मजदूरों की समस्याओं पर काम करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली ने केंद्र और राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने विदेश मंत्रालय से इन मजदूरों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की अपील की है। साथ ही, उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रवासी रोजगार प्रणाली को मजबूत किया जाए और राज्य में रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी जाए, ताकि मजदूरों को पलायन न करना पड़े।

अधिकारियों के अनुसार, झारखंड सरकार ने मामले की जानकारी केंद्र सरकार को भेज दी है और ट्यूनीशिया स्थित भारतीय दूतावास से मजदूरों की स्थिति की पुष्टि करने और तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।

Also Read: फ़र्ज़ी दस्तावेज़ों से नौकरी: आजमगढ़ में शिक्षिका पर मुक़दमा दर्ज, 22 अन्य शिक्षकों पर भी कार्रवाई की तैयारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.