आजमगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन मोबाइल’, 44 लाख के फ़ोन बरामद कर स्वामियों को सौंपे
Sandesh Wahak Digital Desk: आजमगढ़ जिले में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, अक्टूबर माह में चोरी हुए या खोए हुए क़रीब 117 एंड्राइड मोबाइल फ़ोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित क़ीमत लगभग 44 लाख रुपये है। रविवार को एक कार्यक्रम में पुलिस ने ये सभी मोबाइल उनके स्वामियों को सौंप दिए।
पुलिस के विशेष अभियान की सफलता
एएसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में चोरी और खोए हुए मोबाइल फ़ोनों को बरामद करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2024 (फरवरी) से सितंबर 2025 तक, पुलिस ने कुल 2,445 एंड्रायड मोबाइल फ़ोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित क़ीमत क़रीब 6.11 करोड़ रुपये है।
यह अभियान गुमशुदा मोबाइल धारकों द्वारा सीईआइआर (CEIR) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का संज्ञान लेते हुए चलाया जा रहा है। इस सराहनीय कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जनपद के सभी थानों पर नियुक्त कंप्यूटर ऑपरेटरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस की अपील
एएसपी ने जनता से अपील की है कि जिसका भी मोबाइल फ़ोन चोरी हो जाए, वह तुरंत ऑनलाइन सीईआइआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए। इससे पुलिस को चोरी हुए फ़ोन को ट्रेस करने में आसानी होती है।
Also Read: जौनपुर: अपहृत किशोरी बरामद, दुष्कर्म और अपहरण का मुख्य आरोपित गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

