बिहार के दानापुर में दर्दनाक हादसा: इंदिरा आवास की जर्जर छत ढही, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: दानापुर के अकिलपुर थाना क्षेत्र स्थित मानस गाँव में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां इंदिरा आवास योजना के तहत बने एक पुराने मकान की छत ढह जाने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना बीती रात उस समय हुई, जब परिवार खाना खाकर घर के अंदर सो रहा था। अचानक छत भरभराकर गिर पड़ी, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। स्थानीय लोग तुरंत बचाव के लिए दौड़े, लेकिन मलबे में दबे परिवार को बचाया नहीं जा सका।

मृतकों की हुई पहचान

हादसे में मरने वालों में तीन बच्चे शामिल हैं। मृतकों की पहचान इस प्रकार है:

  • बबलू खान (पुरुष)
  • रौशन खातून (महिला/पत्नी)
  • मो. चांद (बेटा)
  • रूकशार (बेटी)
  • चांदनी (सबसे छोटी बेटी)

पुलिस ने सभी शवों को मलबे से बाहर निकाल लिया है और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना से पूरे गाँव में गहरा मातम पसरा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, जिस मकान की छत गिरी, वह कई साल पहले इंदिरा आवास योजना (अब प्रधानमंत्री आवास योजना) के तहत बनाया गया था।

ग्रामीणों ने बताया कि यह मकान काफी जर्जर अवस्था में था और उसकी छत में पहले से ही दरारें आ गई थीं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमज़ोर होने के कारण वे इसकी मरम्मत नहीं करवा पाए, और इसी मजबूरी ने पूरे परिवार की जान ले ली।

गांवों में कई मकान खतरे की जद में

स्थानीय लोगों का कहना है कि इंदिरा योजना के तहत बने ऐसे कई मकान गांव में मौजूद हैं जिनकी हालत बेहद खराब हो चुकी है और वे कभी भी ढह सकते हैं। उनकी मरम्मत न होने के कारण कई ज़िंदगियां खतरे के साये में जीने के लिए मजबूर हैं। स्थानीय पुलिस और प्रशासन मामले की जाच में जुट गए हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.