Lucknow News: अफसर ने दी ‘ज़िन्दगी बर्बाद’ करने की धमकी, भाकियू का विरोध-प्रदर्शन शुरू
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के मोहनलालगंज तहसील परिसर में एक प्रशासनिक अधिकारी द्वारा कथित रूप से गाली-गलौज और धमकी दिए जाने के विरोध में किसान लामबंद हो गए हैं। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू भानू गुट) के नेताओं ने सोमवार को ब्लॉक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
किसानों का आरोप है कि 28 अक्टूबर को हुई घटना की शिकायत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे उनमें गहरा आक्रोश व्याप्त है।
क्या है पूरा मामला?
28 अक्टूबर को, भाकियू (भानू गुट) के तहसील अध्यक्ष देवीदीन तहसील परिसर में तहसीलदार आवास के पास मौजूद थे। तभी एक प्रशासनिक अधिकारी अपने कर्मचारियों और गार्डों के साथ वहां पहुंचे। बातचीत के दौरान, अधिकारी कथित तौर पर आक्रोशित हो गए और देवीदीन से अभद्रता शुरू कर दी। किसान नेता का आरोप है कि अधिकारी ने उन्हें गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि “अगर तहसील में धरना-प्रदर्शन करोगे तो इतने मुकदमे लगवाऊँगा कि ज़िन्दगी खराब हो जाएगी।”
शिकायत और आंदोलन
किसान नेता देवीदीन ने इस अभद्रता और धमकी की लिखित शिकायत एसीपी मोहनलालगंज विकास कुमार पांडेय और एसडीएम पवन पटेल से की थी, और कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी।
शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई न होने से नाराज़, भाकियू भानू गुट के प्रदेश प्रभारी ऋषि मिश्रा की अगुवाई में बड़ी संख्या में किसान सोमवार को ब्लॉक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक दोषी अधिकारी पर कार्रवाई नहीं होती, यह विरोध जारी रह सकता है।
Also Read: UP में योगी सरकार का बड़ा एक्शन, 7 अधिकारियों पर गिरी गाज

