दिल्ली ब्लास्ट केस: कश्मीर तक एक्शन, 15 ठिकानों पर NIA की छापेमारी; डॉ. मुजफ्फर समेत संदिग्ध हिरासत में

Sandesh Wahak Digital Desk: सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुई Hyundai i20 कार विस्फोट की आतंकी घटना ने देश को झकझोर दिया है। इस भीषण धमाके में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है और 20 से अधिक घायल हुए हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने इस मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है और इसे आतंकी हमला घोषित किया गया है। जांच एजेंसियां इस बड़े और संगठित आतंकी नेटवर्क को उजागर करने के लिए देशभर में तेजी से कार्रवाई कर रही हैं।

कश्मीर कनेक्शन और हिरासत

लाल किला ब्लास्ट और फरीदाबाद टेरर मॉड्यूल की जांच अब सीधे जम्मू-कश्मीर की घाटी तक पहुंच गई है। काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (CIK) और पुलिस की संयुक्त टीमों ने घाटी में 15 अलग-अलग ठिकानों पर सघन छापेमारी की है। काजीगुंड में हुई छापेमारी के दौरान एक संदिग्ध डॉ. वहीद को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। यह कार्रवाई फरीदाबाद मॉड्यूल से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क की खोजबीन का हिस्सा है।

डॉक्टर मॉड्यूल और लखनऊ लिंक

जांच में एक बड़ा ‘डॉक्टर मॉड्यूल’ सामने आया है, जिसके तार लखनऊ तक जुड़े हैं। जांच में पता चला है कि संदिग्ध डॉ. शाहीन सिद्दकी करीब दो महीने पहले लखनऊ आई थी और यहाँ कई संदिग्धों से मिली थी। सूत्रों का दावा है कि उसके संपर्क वाले कुछ लोग अयोध्या राम मंदिर तक भी पहुँचे थे।

शाहीन के भाई डॉ. परवेज अंसारी पर भी शक गहराया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस उन्हें फरीदाबाद ले जाकर पूछताछ कर रही है। उनके मोबाइल, लैपटॉप और हार्ड डिस्क की फॉरेंसिक जांच जारी है। एजेंसियों को शक है कि परवेज फरीदाबाद के जैश-ए-मोहम्मद मॉड्यूल से जुड़ा हो सकता है। परवेज ने कुछ दिन पहले ही यूनिवर्सिटी से अचानक इस्तीफा दे दिया था, जिससे एजेंसियों को संदेह है कि वह देश छोड़कर भागने की तैयारी कर रहा था।

बड़ा निशाना बनाने की साजिश

एजेंसी के सूत्रों के अनुसार, जांच में यह शक गहराया है कि हमलावर सिर्फ एक i20 कार का उपयोग नहीं कर रहे थे, बल्कि दो और पुरानी गाड़ियों को विस्फोटक से भरकर बड़े पैमाने पर और एक साथ कई जगहों पर हमले की तैयारी कर रहे थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने घटना की समीक्षा की है। दिल्ली-एनसीआर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और खुफिया एजेंसियां संभावित आतंकी गतिविधियों पर नज़र रख रही हैं। सरकार ने दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का संकल्प दोहराया है।

Also Read: अयोध्या से AAP का शंखनाद: संजय सिंह ने शुरू की पदयात्रा, कहा- बेरोजगारों की राजधानी बन गया है यूपी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.